
इंजेक्शन कालाबाजारी प्रकरण- आरोपी राहुल की तलाश में श्रीराम हॉस्पिटल पहुंची पुलिस
श्रीगंगानगर. रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी के मामले में पुलिस आरोपी राहुल का लुक आउट सर्कुलर जारी करने के बाद तलाश में जुटी हुई है और बुधवार को सूचना के बाद पुलिस टीम श्रीराम हॉस्पिटल पहुंची। जहां उसकी तलाश की।
पुलिस ने बताया कि इंजेक्शन वाले मामले में पांचों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे हैं। पुलिस की ओर से राहुल की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और रोजाना पुलिस उसके घर व संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई कर रही है।
उसकी ओर से कोविड की फर्जी नेगेटिव रिपोर्ट लेने के संबंध में विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया था। बुधवार को पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी राहुल खुद के श्रीराम हॉस्पिटल में हो सकता है। जहां पुलिस टीम पहुंची लेकिन वह नहीं मिला। वहीं अन्य संभावित स्थानों पर भी पुलिस भेजी गई।
ये था मामला
जिला विशेष प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कोरोना मरीजों को लगने वाले रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी कर 27 हजार रुपए में बेच रहे हैं। विशेष टीम के साथ बोगस ग्राहक को बीरबल चौक स्थित राजेन्द्र मेडिकल स्टोर पर भेजा गया।
जहां मेडिकल स्टोर वाले ने दूसरे दिन आने की बात कही। बोगस ग्राहक फिर इंजेक्शन लेने पहुंच गया। जहां 27 हजार रुपए में एक इंजेक्शन देना तय हुआ। मेडिकल स्टोर वाले ने कुछ देर रुकने को कहा। मांग के अनुसार मेडिकल स्टोर वाले ने एक युवक से दो रेमडेसिविर इंजेक्शन मंगवाए। ग्राहक ने पास ही घेराबंदी किए खड़ी पुलिस टीम को ईशारा कर दिया और स्पेशल टीम व जवाहरनगर पुलिस ने स्टोर संचालक डी ब्लॉक निवासी लोकेश कुमार पुत्र चंद्रप्रकाश गोयल व इंजेक्शन लेकर आने वाले युवक को दबोच लिया। इससे दो इंजेक्शन बरामद कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो पता चला कि यह इंजेक्शन आरके डिस्ट्रीब्यूटर संचालक गणपति नगर निवासी साहिल गोयल पुत्र पवन से लेकर आया है। पुलिस ने साहिल गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरके डिस्ट्रीब्यूटर के यहां कार्य करने वाले हाउसिंग बोर्ड हनुमान मंदिर के पास निवासी गौरव पुत्र मदनलाल अरोडा व इंजेक्शन की कालाबाजारी के लिए ग्राहक लाने वाले गणपति मेडिकल पर कार्य करने वाले वृद्धाश्रम रोड निवासी सुभाष पुत्र आशाराम को बिना लाइसेंस व बिना डॉक्टर की पर्ची के इंजेक्शन रखने व मिलकर षड्यंत्र पूर्वक कालाबाजारी करने के मामले में गिरफ्तार किया था।
बाद में एक अन्य आरोपी लक्ष्य को भी गिरफ्तार किया था। अब इसमें आरोपी राहुल व एक एमआर की गिरफ्तारी होनी है।
Published on:
26 May 2021 11:32 pm

बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
