
दिनभर उड़ते हैं धूल के गुबार, हादसों के इंतजार में जलदाय विभाग
-रायसिंहनगर से लिखमेवाला लिंक रोड़ के आसपास लगे मिट्टी के ढेर
रायसिंहनगर.
जलदाय विभाग की ओर से निकाली जा रही वाटर टेंकों की गार आम लोगों और वाहन चालकों के लिए परेशानी बन गई है। रायसिंहनगर से पीएस क्षेत्र की तरफ जाने वाली सडक़ को डिग्गियों की गार से दोनों तरफ से अटा दिया गया है। कई जगहों पर सडक़ पर मिट्टी डाल दिए जाने से वाहन गुजरते समय भी धूल के गुबार उडऩे लगते है। सडक़ पर दिनभर उडऩे वाली यह धूल जहां वाहन चालकों के लिए घातक साबित हो रही है वहीं आसपास के मकानों और चिकित्सालयों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
जानकारी अनुसार इन दिनों जलदाय विभाग की पानी की डिग्गियों की मरम्मत का काम चल रहा है। इसके साथ ही विभाग की ओर से डिग्गियों की सफाई भी करवाई जा रही है। यह काम पिछले करीब एक माह से चल रहा है। डिग्गियों से निकाली जा रही गार को पीएस क्षेत्र की तरफ जाने वाली सडक़ के किनारों पर डाल दिया गया है। चिकनी मिट्टी होने के कारण यह गार वाहनों के अत्यधिक आवागमन के कारण धूल में बदल रही है। यह धूल हल्की व बारीक होने के कारण छोटे वाहन गुजरते समय गुबार में बदल जाती है जिससे वाहनों के सामने से आ रहे वाहनों से टकराने की आशंका बढ जाती है। इसके अलावा यह धूल सडक़ के दूसरी तरफ स्थित कॉलोनी में बने घरों में जाती है। यहीं पर स्थित चिकित्सालयों के रोगियों को भी इस धूल के कारण परेशानी होती है।
रोजाना गुजरते हैं सैंकड़ों वाहन
पीएस और आरबी क्षेत्र को जाने वाली यह सडक़ करीब पांच दर्जन गांवों को रायसिंहनगर से जोड़ती है। इन गांवों को जाने वाली बसें, जीपें, ट्रैक्टर व अन्य वाहनों के साथ ही भारत पाक सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के वाहन भी इस मार्ग पर दिनभर चलते रहे है। सडक़ मार्ग सिंगल होने के कारण आसपास किनारों पर डाली गई गार सडक़ पर आ गई है। इससे बनी धूल से इस इलाके की यात्रा करने वाले लोगों को रोजाना दो चार होना पड़ रहा है। इस मार्ग पर धूल के कारण कई बार हादसे हो चुके है।
क्या कहता है जलदाय विभाग
फिलहाल गार निकालने का काम लगभग पूरा हो गया है। शेष बची हुई गार को नहर के आसपास बने गड्ढों में डालने के लिए निर्देशित किया जाएगा, गार गीली होने के कारण सडक़ पर आ गई है।
-इन्द्राज डागला, कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग रायसिंहनगर
Published on:
02 Feb 2019 12:56 pm

बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
