
नीलगाय को गोली मारकर किया शिकार, रेता गला, ग्रामीणों की जाग होने पर आरोपी फरार
रिड़मलसर (श्रीगंगानगर).. घमूड़वाली थाना क्षेत्र के गांव 65 एलएनपी के नजदीक सोमवार अज्ञात शिकारियों ने नीलगाय का गोली मारकर शिकार कर लिया। इससे वन्य जीव प्रेमियों में भारी रोष है। शिकारियों द्वारा वन्य जीव रक्षक चौकी से कुछ ही दूरी पर बिना किसी भय से गोली चलाकर नीलगाय का पहले शिकार किया व फिर घायल नीलगाय का गला रेत डाला। जीव प्रेमियों की सूचना पर अलसुबह ही रायसिंहनगर वन विभाग की टीम मौके पहुंची।
मौके पर वन विभाग की टीम को मृत नीलगाय का कटा हुआ गला व घटनास्थल से एक मोबाइल बरामद हुआ। मंगलवार सुबह 10 बजे जैसे ही मृत नीलगाय के पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग टीम दफनाने लगे वन्यजीव प्रेमी आरोपी शिकारियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। उन्होंने मांग की कि घटना स्थल से बरामद मोबाइल के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार की जिद पर अड गए। जिस पर घमूड़वाली थानाधिकारी पवनकुमार शर्मा ने वन्यजीव प्रेमियों से समझाइश करते हुए कहा कि आरोपी शिकारियों का मोबाइल बरामद हुआ है शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। जिस पर वन्यजीव प्रेमियों ने आरोपियों को 10 दिन में गिरफ्तार करने की मांग पर सहमति जताते हुए मृत नीलगाय का सामाजिक रीति रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया। इस मौके पर वन्यजीव प्रेमी सतीश तरड़, धर्मपाल, विनोद पूनिया, जगदीश, रिछपाल, जगदीश कलवाणिया, संतलाल थापन, नवीन, राहुल, विष्णु, मनीष, कुलदीप सियाग, सरपंच अमीचंद ढाल आदि मौजूद रहे। वहीं नजदीक घटनास्थल के नजदीक ढाणीवासी सतीश कुमार तरड़ ने बताया की सोमवार व मंगलवार मध्य रात्रि लगभग 1 बजे को उठा तो टॉर्च की लाइट से देखा तो ढाणी से कुछ मीटर की दूरी पर चार युवक नरमे के खेत में बैठे थे। जब उनको आवाज लगाई व चोर चोर कहकर शोर शराबा किया तो खड़े होकर चलने लगे। तब तक शोर शराबा व आवाजें सुनकर आसपास से लोग भी एकत्रित हो गए। शिकारियों ने सडक़ पर पहुंच पत्थर मारकर डराने लगे व मौका पाकर तीन जने नहर कूद गए व युवक सडक़ पर खड़े वाहन से फरार हो गया। जब ग्रामीणों ने वपिस खेत में जाकर देखा ते वहां नीलगाय लहूलुहान मृत अवस्था में पड़ी थी। जिसका गला कटा हुआ था। वहीं मौके पर मौजूद ग्रामीण लोकेश बिश्नोई ने बताया की कुछ ही दूरी पर संतकुमार थापन के खेत में बनी सिंचाई पानी की डिग्गी के पास एक ओर नीलगाय का शिकार हुआ। यहां से शिकारी नीलगाय का शिकार कर किसी वाहन से ले गए हैं। यहां वन विभाग पुलिस ने घटना का जायजा लिया है। यहां नीलगाय का दूसरा शिकार हुआ लेकिन ग्रामीणों व ढाणीवासियों की तत्परता के कारण शिकारी शिकार की हुई नीलगाय को उठा नहीं पाए।
Published on:
03 Nov 2021 02:55 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
