
recorded robber
सूरतगढ़ थर्मल (श्रीगंगानगर).
सूरतगढ़ सुपर तापीय परियोजना (एसटीपीएस) की आवासीय कॉलोनी में एसबीआई के एटीएम को गुरुवार रात अज्ञात युवक ने दो बार लूटने का प्रयास किया। उसकी यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
इस एटीएम में गुरुवार मध्य रात्रि के बाद एक अज्ञात युवक मुंह ढंक कर अंदर घुसा और किसी और औजार से एटीएम को काटने का प्रयास किया। रात को 1 बजकर 55 मिनट पर करीब तीन मिनट तक किए गए पहले प्रयास में विफल होने के बाद युवक वहां से निकल गया। रात को 2 बजकर 2 मिनट पर वह फिर से एटीएम में दाखिल हुआ और आरीनुमा औजार से करीब दस मिनट तक एटीएम काटने का प्रयास किया। इसमें भी उसे सफलता नहीं मिलने पर वह फरार हो गया।
लेकिन उसकी ये हरकतें एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सूत्रों के अनुसार बैंक के मुख्यालय में अलार्म बजने से बीती रात ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची थर्मल चौकी पुलिस ने जांच शुरू की। साथ ही बैंक अधिकारियों को भी मौके बुलाया गया। राजियासर थाने की थर्मल चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
घड़साना. नई मंडी में शनि मंदिर के पास शुक्रवार को एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। घायल को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रैफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि चक 25 एएस निवासी गुरजंट सिंह किसी कार्यवंश नई मंडी घड़साना आया था। बीकानेर रोड से बाजार जाने वाली सम्पर्क सड़क चौराहे के पास हुई दुर्घटना में बाइक चकनाचूर हो गई। घायल गुरजंट सिंह के दोनों पैरों में फ्रेक्चर होने पर बीकानेर रैफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
Published on:
3 Aug 2018, 7:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.