
सरहिंद फीडर में बढ़ाया पानी तो गंगनहर में घटा, कई नहरों को बंद करने की नौबत
श्रीगंगानगर. हरिके हैडवर्क्स से पानी पाकिस्तान जाना बंद होने के बाद गंगनहर को शेयर से अधिक पानी मिलने पर सभी नहरों को वरीयता के अनुसार पूरा पानी मिलने की उम्मीद तीन-चार दिन बाद ही टूट गई है। पंजाब जल संसाधन विभाग के सरहिंद फीडर नहर में पानी की मात्रा बढ़ाने के साथ ही गंगनहर को मिल रहे पानी में कटौती हो गई है। दो दिन पहले गंगनहर को शेयर से ज्यादा पानी मिल रहा था, वहीं शनिवार को शेयर से भी कम पानी मिलने से वरीयताक्रम गड़बड़ा गया है और कई चलती नहरें बंद हो गई।
पंजाब जल संसाधन विभाग ने 2 मार्च को हरिके हैडवर्क्स से डाउन स्ट्रीम में 2500 क्यूसेक पानी छोड़ा था। इसमें से 700 क्यूसेक के करीब पानी हुसैनीवाला हैडवर्क्स होते हुए पाकिस्तान जाने के समाचार छपने पर पंजाब जल संसाधन विभाग ने डाउन स्ट्रीम में पानी का प्रवाह बंद कर दिया और गंगनहर को पानी की आपूर्ति करने वाली फिरोजपुर फीडर व इंदिरा गांधी नहर में पानी की आपूर्ति बढ़ा दी। पिछले तीन चार दिनों में गंगनहर के खखां हैड पर 2200 क्यूसेक पानी की आपूर्ति होने से सभी नहरें वरीयता से चलने लगी थी।
उधर बढ़ा, इधर घटा
गंगनहर प्रोजेक्ट चेयरमैन हरविन्द्र सिंह गिल ने बताया कि पंजाब के सरहिंद फीडर की मरम्मत के लिए बंदी लेने से इस नहर में पानी की आपूर्ति बंद थी। अब मरम्मत का काम पूरा होने पर सरहिंद फीडर में पानी लेने से गंगनहर को मिल रहे पानी में कटौती हुई है। पानी कम होने से गंगनहर का वरीयताक्रम प्रभावित हुआ है। गंगनहर प्रणाली की 23 नहरों में से अब सात नहरें ही चल रही है। पानी और कम हुआ तो इनमें से भी कई नहरों को बंद करने की नौबत आ जाएगी।
शेयर से कम पानी
गंगनहर का शेयर 1600 क्यूसेक है। शनिवार को आरडी 45 पर गंगनहर को पानी की आपूर्ति 1833 क्यूसेक थी। राजस्थान-पंजाब सीमा पर गंगनहर के खखां हैड पर पानी की आवक 1479 क्यूसेक थी। रविवार सुबह तक इसमें और कमी आ सकती है।
Updated on:
9 Mar 2025, 1:02 PM IST
Published on:
9 Mar 2025, 1:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.