
Rajasthan News: पंजाब में पेट्रोल और डीजल पर वैट बढ़ाने के बाद श्रीगंगानगर (Sriganganagar) जिले के पेट्रोल पंपों पर डीजल की बिक्री बढ़ गई है। पेट्रोल के दामों में अंतर ज्यादा होने से वाहन चालक अभी भी पंजाब (Punjab) के पेट्रोल पंपों पर जा रहे हैं। यह लोग वह हैं जो पंजाब के पेट्रोल पंपों से दस-पंद्रह किलोमीटर की दूरी पर रह रहे हैं।
पंजाब सरकार (Punjab Government) ने कुछ दिन पहले पेट्रोल और डीजल पर 94 पैसे प्रति लीटर की दर से वैट बढ़ाया है। वैट की दर बढ़ने से इन दोनों पेट्रोलियम पदार्थों के भावों में अंतर आया है। वैट बढ़ने के बाद पंजाब में डीजल की दर 88 रुपए 11 पैसे और पेट्रोल की दर 97 रुपए 63 पैसे हो गई है। श्रीगंगानगर में पेट्रोल की दर 106 रुपए 27 पैसे तथा डीजल की दर 91 रुपए 62 पैसे है।
भाजपा सरकार के राजस्थान में वैट घटाने और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के वैट बढ़ाने से पेट्रोल की दरों में 3 रुपए 51 पैसे का अंतर रह गया है। डीजल की दरों को लें तो इसमें अभी भी 8 रुपए 64 पैसे का अंतर है। इसका मतलब है श्रीगंगानगर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल अभी भी 3 रुपए 51 पैसे महंगा मिल रहा है और डीजल 8 रुपए 64 पैसे महंगा।
श्रीगंगानगर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता का कहना है कि राजस्थान में वैट की दर घटाने के बाद ही श्रीगंगानगर जिले में पेट्रोल पंपों के दिन फिरने शुरू हो गए थे। पंजाब में वैट की दर 94 पैसे प्रति लीटर की दर से बढ़ने के बाद पेट्रोल पंपों पर फिर से बहार लौट आई है। गुप्ता का कहना है कि पहले जिन पेट्रोल पंपों पर दिन भर में मुश्किल से 300 लीटर डीजल की बिक्री होती थी, वहां अब 1000 लीटर की बिक्री होने लगी है। कुल मिलाकर डीजल की बिक्री पहले की तुलना मे 50 प्रतिशत बढ़ गई है।
श्रीगंगानगर के पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि पंजाब में वैट की दर बढ़ाए जाने के बाद हमारे पेट्रोल पंपों पर पड़ने वाले फर्क की सही रिपोर्ट दस दिन बाद सामने आएगी। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि डीजल की दरों में ज्यादा अंतर होने पर दूर-दूर से लोग पंजाब के पेट्रोल पंपों पर जाते थे। अब अंतर घटा है तो दस-किलोमीटर की दूरी वाले लोग ही वहां डीजल लेने के लिए जा रहे हैं। जहां तक पेट्रोल का सवाल है तो इसकी दरों में मामूली अंतर रहा है, इसलिए पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के मालिक पंजाब के पेट्रोल पंप पर जाने की बजाय यहीं से पेट्रोल लेने लगे हैं।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले जब पंजाब सरकार ने वैट की दरों में बढ़ोतरी नहीं की थी तब पंजाब में पेट्रोल की दर 97 रुपए 88 पैसे तथा डीजल की दर 87 रुपए 48 पैसे थी। उस समय श्रीगंगानगर में पेट्रोल की दर 113 रुपए 30 पैसे तथा डीजल की दर 98 रुपए 7 पैसे थी। जहां तक अंतर का सवाल है तो श्रीगंगानगर में पंजाब की तुलना में पेट्रोल 15 रुपए 42 पैसे तथा डीजल 10 रुपए 59 पैसे महंगा था। अब यह अंतर पेट्रोल में 3 रुपए 51 पैसे तथा डीजल में 8 रुपए 64 पैसे रह गया है।
Published on:
14 Sept 2024 02:02 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
