– संपत्ति की जांच को पुलिस ने प्रशासन को सौंपी तस्करों की सूची
श्रीगंगानगर. नशे के सौदगरों पर वज्र प्रहार के लिए पुलिस की ओर से तैयार की गई सूची प्रशासन को मिल गई है। प्रशासन इनकी संपत्ति का ब्यौरा जुटा रहा है। इनके आवास अगर अतिक्रमण के दायरे में आए तो हश्र उषा छगरिया के आलीशान भवन जैसा होगा। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में ऐसे भवनों को बुलडोजर की मदद से धराशायी किया जाएगा।
पुलिस ने जिले के 15 नशा तस्करों व हिस्ट्रीशीटरों की कुंडली खंगालकर इनकी सूची तैयार कर प्रशासन को सौंपी है। प्रशासन इनकी संपत्ति का ब्यौरा जुटा रहा है। संपत्ति का ब्यौरा मिलने के बाद योगी मॉडल को मूर्त रूप दिया जाएगा। सूची में शामिल अपराधियों के मकान अगर अतिक्रमण के दायरे में होंगे तो उन्हें बुलडोजर की मदद से मलबे में तब्दील किया जाएगा।
अन्य अचल संपत्ति कब्जे की श्रेणी में आती होगी तो उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की ओर से जिले में जिन अपराधियों को चिह्नित किया गया है, उनमें नशा तस्कर, हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर टाइप के लोग शामिल हैं। इनकी संपत्ति, मकान, दुकान, खेत, बैंक बैलेंस आदि का पूरा ब्यौरा जुटाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इनमें से किसी एक की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई हो सकती है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित निकाय की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है।
डीजीपी के निर्देश कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में गैंगस्टरों, नशा तस्करों, हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ धरपकड़ की कार्रवाई चल रही है। इस अभियान में 200 से 800 तक पुलिसकर्मियों की ओर से लगातार हर सप्ताह रेड की जा रही है। मादक पदार्थ तस्करों व हिस्ट्रीशीटरों तथा गैंगस्टरों की अतिक्रमण वाली संपत्ति को जमींदोज करने का काम भी शुरू हो गया है। पंद्रह के अलावा पांच ऐसे व्यक्ति हैं जिनको इस सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी चल ही है।
यह भी पढ़े: https://www.patrika.com/sri-ganganagar-news/bulldozer-in-rajasthan-8289483/
इनका कहना है
पुलिस ने नशे के सौदागरों की सूची दी है। इनकी संपत्ति का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। संपत्ति अगर अतिक्रमण के दायरे में आती होगी तो उसे बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया जाएगा। नशा तस्करों के नेटवर्क को तोडऩे के लिए ऐसी कार्रवाई की जरूरत है। बिना भय के नशे के प्रसार को रोकना असंभव है।
– सौरभ स्वामी, जिला कलक्टर, श्रीगंगानगर
पुलिस की ओर से जिले में 15 नशा तस्कर व हिस्ट्रशीटरों की कुंडली तैयार कर ली गई है। इनकी संपत्ति पर जल्द ही बुलडोजर चलाए जाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं पांच अन्य की कुंडली खंगाली जा रही है। इसके बाद इनको भी इसी सूची में शामिल किया जाएगा।
– परिस देशमुख, पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर
पत्रिका व्यू– खौफ पैदा करना जरूरी
अपराधी को लाड लडाओगे तो वह गुर्राएगा और ताकत नहीं होने पर भी ताकत का प्रदर्शन करेगा। इसके विपरीत उस पर कानून का डंडा सख्ती से चलाया जाएगा तो उसकी हालत उषा छजगरिया जैसी होगी, जो नशे की कमाई से बने आलीशान मकान के ध्वस्त होने के बाद शोक मनाने लायक भी नहीं रही।
आपको बता दें कि प्रशासन और पुलिस ने जिला मुख्यालय पर उस बस्ती में कार्रवाई की हिम्मत की है जहां पुलिस के जाने पर पत्थर बरसाए जाते थे। दो-चार पुलिस कर्मियों को चोटिल करवा कर पुलिस चुपचाप बैठ जाती थी। उषा छजगरिया की बस्ती का खौफ पूरे शहर में था।
कई छजगरियों के नाम से ही लोग डरते थे। आज उसी बस्ती में दहशत का माहौल जो कभी दहशत फैलाने के लिए मशहूर थी। वजह इत्ती सी है कि प्रशासन और पुलिस ने वह कर दिखाया जो बहुत पहले हो जाना चाहिए था। जिले में ऐसे कई अपराधी हैं जो दहशत के बल पर अपने अवैध धंधों को बेखौफ चला रहे हैं।
पुलिस ने इन पर शिकंजा नहीं कसा तो आमजन की नजर में ऐसे तत्व प्रभावशाली हो गए। अब वज्र प्रहार के लिए ऐसे अपराधियों की सूची बनी है तो यह जिले को अपराधियों की गिरफ्त से मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। इसके लिए प्रशासन और पुलिस दोनों को साधुवाद।