परिणाम-2023 कला वर्ग में 14 वें स्थान पर गंगानगर, 92.53 फीसदी रहा रिजल्ट
-श्रीगंगानगर जिला 25 वां स्थान से इस बार इस बार 14 वां पर रहा,जबकि जिले का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 3.26 प्रतिशत की कमी आई
-कृष्ण चौहान
श्रीगंगानगर.राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से गुरुवार दोपहर बाद इस साल का दूसरा परीक्षा परिणाम जारी जारी कर दिया। प्रदेश स्तर की भांति जिला स्तर पर भी विज्ञान के परिणाम की तरह कला वर्ग के परिणाम में भी गिरावट दर्ज की गई। जहां राज्य का परीक्षा परिणाम 96.21 प्रतिशत रहा। वहीं श्रीगंगानगर जिले में कुल 3.26 प्रतिशत गिरावट के साथ 92.53 प्रतिशत परीक्षार्थी ही उत्तीर्ण हुए। बोर्ड की ओर से जारी रिजल्ट के अनुसार 96.21 प्रतिशत के साथ जोधपुर जिला राज्य भर में पहले स्थान पर तथा 86.08 प्रतिशत के साथ प्रतापगढ़ अंतिम स्थान पर रहा। श्रीगंगानगर जिले को 14 वां स्थान मिला है। उल्लेखनीय है कि श्रीगंगानगर जिला कला वर्ग में पिछले वर्ष 25वां स्थान पर था।
तीनों संकायों का ताज बेटियों के सर
उच्च माध्यमिक परीक्षा के तीनों संकाय में छात्राओं का पासिंग प्रतिशत छात्रों से अधिक रहा है। इस साल भी वाणिज्य व विज्ञान वर्ग के बाद अब कला वर्ग में भी बेटियों ने बाजी मारी है। इस वर्ष विज्ञान वर्ग में 96.45 प्रतिशत, वाणिज्य वर्ग में 100 प्रतिशत तथा कला वर्ग में 95.34 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। एडीइओ माध्यमिक मुकेश मल्होत्रा के अनुसार इस सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतर परीक्षा परिणाम दिया है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 48 जीजी श्रीकरणपुर की छात्रा प्रियंका ने कला वर्ग में 95.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
जिला स्तर पर प्रदर्शन में गिरावट लेकिन प्रदेश स्तर पर सुधार
श्रीगंगानगर.राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कला वर्ग के परीक्षा परिणाम में सुधार करते हुए श्रीगंगानगर जिला 25वें स्थान से 14वें स्थान पर आ गया है, हालांकि जिला स्तर पर पिछले साल के मुकाबले परीक्षा परिणाम में गिरावट आई है। कला वर्ग में जिले का परिणाम पिछले वर्ष 2022 में 95.79 प्रतिशत रहा है जबकि इस बार साथ 92.53 प्रतिशत रहा है। विदित रहे कि वाणिज्य संकाय में जिले को 3वां तथा विज्ञान संकाय में 31 वां स्थान प्राप्त हुआ था।
जिले के पिछले आठ साल के परिणाम
वर्ष कला
2016 85.58
2017 90.56
2018 89.46
2019 89.64
2020 91.16
2021 99.19
2022 95.79
2023 92.53
——
फैक्ट फाइल
जिले में पंजीकृत
छात्र-10345
छात्राएं-10213
कुल-20558
परीक्षा में सम्मिलित
छात्र-10040
छात्राएं-10047
कुल-20087
————————
परीक्षा परिणाम छात्र छात्रा कुल
प्रथम श्रेणी 4043 6432 10475
द्वितीय श्रेणी 4173 2784 6957
तृतीय श्रेणी 789 363 1152
उत्तीर्ण 02 0 2
कुल प्रतिशत 89.71 95.34 92.53
परीक्षा-परिणाम कम करने के मुख्य कारण
-जिले में अधिकांश स्कूलों में व्याख्यातों की कमी।
-जिला स्तर पर अन्य जिलों की तरह विशेष मिशन और अभियान नहीं चलाए गए।
-बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर मॉनिटरिंग की कमी का रहना।
-जिले के सभी स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन ना होना।
-विद्यार्थियों में लर्निंग गैप के चलते शिक्षण अधिगम पूर्ण नहीं हो पाया।
-पिछले वर्ष बोर्ड का सिलेबस 70 प्रतिशत ही रहा था,इस बार 100 प्रतिशत।
– इस वर्ष प्रतियोगी व अन्य परीक्षाएं अधिक रही, स्टाफ की ज्यादा डयूटियां लगी,शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ।
एक्सपर्ट–एडीइओ माध्यमिक वेदप्रकाश जलधंरा, विद्यार्थी सेवा केंद्र के संयोजक भूपेश शर्मा, पूर्व सीडीइओ हंसराज यादव व प्रधानाचार्य राजेश अरोड़ा के अनुसार।
जिले के कई राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष कला वर्ग में राज्य में अन्य जिलों की तुलना में श्रीगंगानगर जिले की स्थिति ठीक रही है। पिछले वर्ष कला वर्ग में 95.79 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा था जबकि इस वर्ष जिले परिणाम 3.26 प्रतिशत गिरावट के साथ 92.53 प्रतिशत रहा है। कोरोना के समय कम सिलेबस था और विद्यार्थी 10वीं कक्षा में थे जबकि इस वर्ष यह बच्चे 12 वीं में होने की वजह से लर्निंग गैप का प्रभाव अभी भी बच्चों पर देखने का मिल रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बोर्ड का परिणाम कम रहने पर हम मंथन करेंगे। कहां-कहां कमी रही है। हमारी कोशिश रहेगी कि आगामी वर्ष में बोर्ड के परीक्षा-परिणाम में सुधार किया जाए।
-गिरजेशकांत शर्मा,जिला शिक्षा अधिकारी,मुख्यालय,श्रीगंगानगर।