– अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि बने कृषि कार्य में बाधा
– सादुलशहर में गुरुवार सुबह तक 10 मिलीमीटर बारिश
श्रीगंगानगर. किसान खेतों में फसल संभालने में जुटा है, वहीं मौसम उसकी मेहनत पर पानी फेरने को तुली है। पाकिस्तान में बने नए पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में आए बदलाव ने जिले में एक बार फिर से किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि किसानों के लिए आफत साबित हो रही है। गेहू़ं की फसल इस समय पकाव पर है, जिसे अंधड़ और बारिश ने जमीन पर बिछा दिया है। सरसों की फसल कहीं कटी हुई पड़ी है तो कहीं कटने को तैयार है। बारिश के कारण न तो किसान कटी हुई फसल निकाल पा रहे हैं और न खड़ी फसल की कटाई कर पा रहे। जौ की फसल निकाल कर किसान खेत से सीधे मंडियों में ला रहे हैं जो पिड़ों पर पड़ी बारिश में भीग रही है।
जिले में बुधावार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई है, जिससे गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान हुआ है। बारिश का दौर बुधवार रात शुरू हुआ। रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। गुरुवार दोपहर एक बजे बारिश शुरू हुई। सूरतगढ़ और श्रीबिजयनगर तहसीलों में जमकर बारिश हुई जिससे सरसों और गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई। श्रीबिजयनगर तहसील के कई गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआहै। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को भी जिले में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा।
मंडी में आई जौ की फसल भीगी———————-
श्रीगंगानगर मंडी में बिकने के लिए आई जौ की फसल बुधवार रात और गुरुवार दिन में हुई बारिश से भीग गई। पिड़ों पर पड़ी फसल के अलावा तुलाई के बाद बोरियों में भर कर रखी हुई जौ की फसल भी बारिश के पानी से बच नहीं पाई। इन दिनों मंडी में भारी मात्रा में जौ की आवक हो रही है। किसान फसल निकाल कर सीधे खेतों से बेचने के लिए मंडी में ला रहे हैं। इससे मंडी में पिड़ों के अलावा सड़कों पर भी जौ की ढेरियां लगी हुई है।
कहां कितनी बारिश——————
जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट में स्थापित नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर में गुरुवार सुबह आठ बजे तक 1.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा उप तहसील चूनावढ़ में 2.2, हिन्दुमलकोट में 0.5, श्रीकरणपुर में 0, केसरीसिंहपुर में 2, पदमपुर में 2.5, उप तहसील बींझबायला में 3, सादुलशहर में 10, उप तहसील लालगढ़ जाटान में 2, रायसिंहनगर में 1.6, उप तहसील मुकलावा में 5, समेजा में 2, गजसिंहपुर में 5.2, श्रीबिजयनगर में 5, जैतसर में 2, सूरतगढ़ में 4, राजियासर स्टेशन 6, घड़साना में 0 रावला में 5, 365 हैड में 1 तथा अनूपगढ़ में 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।