
चोरियों के विरोध में व्यापारियों का बाजार बंद आज
श्रीगंगानगर.
शहर के सदर बाजार में पिछले दिनों छह दुकानों में हुई चोरियों की वारदात का खुलासा नहीं होने से आक्रोशित व्यापारियों की मंगलवार शाम को बैठक हुई। इसमें निर्णय किया गया है कि बुधवार दोपहर एक बजे तक बाजार में दुकानें बंद रखी जाएंगी। इसके बाद व्यापारियों की ओर से कोतवाली पहुंचकर चोरियों के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा।
संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष तरसेम गुप्ता ने बताया कि पिछले दिनों छत के रास्ते से दुकानों में घुसे अज्ञात युवक छह दुकानों से लाखों की नकदी व सामान आदि चोरी कर ले गए थे। पुलिस वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। इसके चलते बाजार के व्यापारियों में आक्रोश है। सोमवार को भी व्यापारियों ने कोतवाली के आगे प्रदर्शन कर कोतवाल को ज्ञापन सौंपा था।
मंगलवार शाम को बाजार में व्यापारियों की बैठक हुई, जिसमें चोरियों का खुलासा नहीं होने पर रोष जताया। बैठक में निर्णय किया गया है कि सदर बाजार में व्यापारी दोपहर एक बजे तक अपनी दुकानें बंद रखेंगे। इस दौरान कोतवाली के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी यदि कार्रवाई नहीं होती है तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन होगा। बैठक में महेश गुप्ता, सत्यप्रकाश अग्रवाल, रामचंद्र कालड़ा, श्याम बलाणा सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।
लगातार हो रही वारदातों ने खोली पुलिस गश्त की पोल
शहरी क्षेत्र में दिपावली के बाद शुरू हुई चोरी, लूट व छीनाझपटी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही। लगातार शहर में हो रही वारदातों ने पुलिस गश्त की पोल खोलकर रख दी है। पुरानी आबादी थाने की लूट की वारदात को छोड़कर पुलिस अभी तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई। इससे लोगों में आक्रोश है।
ये हुई वारदात
सदर थाना इलाका
दीपावली से एक दिन पहले ही सदर थाना इलाके में एक सूने मकान से लाखों रुपए के जेवर व नकदी चोरी कर ले जाने की वारदात हुई। इसके बाद इलाके में लगातार दो ओर सूने मकानों में घुसे अज्ञात बदमाश लाखों के रुपए के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए।
कोतवाली
शुक्रवार रात सदर बाजार में अज्ञात युवकों ने एक साथ छह दुकानों में चोरी की वारदात की। इन दुकानों से बदमाश लाखों रुपए की नकदी व सामान ले गए। इन वारदातों में भी अज्ञात युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। चार दिन बाद भी पुलिस इन वारदातों में कोई सुराग नहीं लगा पाई। इसके अलावा शुक्रवार रात को ही रविंन्द्र पथ पर तीन युवकों ने यूको बैंक के एटीएम को भी तोडऩे का प्रयास किया। वहीं अब सोमवार रात को दुर्गा मंदिर में घुसे अज्ञात युवक दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी कर ले गए।
जवाहरनगर
थाना इलाके में रविवार को दिनदहाड़े इंदिरा कॉलोनी निवासी कृष्णादेवी से एक बदमाश बालियां तोड़कर ले गया। महिला ने शोर मचाया लेकिन जब तक अन्य लोग आते आरोपित वहां से भाग चुका था। इस मामले में भी पुलिस अभी तक आरोपित का सुराग नहीं लगा पाई। इससे पहले भी इलाके में एक व्यक्ति से मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीनने का मामला दर्ज हुआ था।
Updated on:
01 Nov 2017 07:56 am
Published on:
01 Nov 2017 06:37 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
