
Sri Ganganagar News : श्रीगंगानगर. अधिकतर परिवारों में गर्मी के दौरान लौकी, टिंड़ा और कद्दू की सब्जी खाकर ऊब चुके लोगों को उम्मीद थी कि बारिश आएगी और सब्जियां सस्ती होने पर उन्हें ताजी सब्जियां खाने को मिलेंगी, लेकिन इसके उलट सब्जियों के दामों में एक माह में भारी उछाल आया है और सब्जियां दो से तीन गुना अधिक दामों पर मिल रही है। इन सब्जियों में आम तौर पर प्रत्येक घर में खाई जाने वाली वही सब्जियां हैं, जिन्हें एक माह पूर्व तक इलाकेवासी तीन से चार गुना कम दामों पर खा रहे थे। ऐसे में सब्जियों के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि होने से सब्जियों के मद में खर्च होने वाले बजट में दो से तीन गुना तक वृद्धि होने के आसार हैं। इसके चलते गृहणियों की रसोई का बजट भी गड़बड़ा गया है।
गली-मोहल्लों के स्थायी तथा स्ट्रीट वेंडरों के अलावा शहर में करीब आधा दर्जन बड़े पाइंटों पर सब्जियां बेची जाती है। इन सब्जी विक्रेताओं के यहां आमतौर पर प्रत्येक घर में बनने वाली आलू, प्याज, टिंडा, कददू, पत्ता गोभी, तोरई, हरी मिर्च, कटहल अब दोगुने भावों पर मिल रहे हैं।
इसके चलते यह सब्जियां फिलहाल लोगों की पहुंच में दूर बनी हुई है। इसी प्रकार करीब-करीब प्रत्येक घर में टमाटर, भिंडी, पालक, शिमला मिर्च, बैंगन, लौकी और धनिया-मिर्च जैसी सब्जियां खाई जाती हैं, लेकिन इन सब्जियों के दामों ने भी अब आंखें तरेर ली है। इन सब्जियों के बढ़ते भावों में बेहताशा वृद्धि के साथ यह सब्जियां तीन से चार गुना अधिक दरों पर मिल रही है।
इसलिए बढ़े दाम
विक्रेता गौरीशंकर बतरा ने बताया कि सब्जियों की पौध गर्मियों में लगाई जाती है। इस बार भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण भिंडी, बैंगन, मिर्च, पालक, टमाटर, धनिया आदि की फसल कुछ झुलसने से तो कुछ बारिश का पानी खेतों में भरने से गलकर खराब हो गई। इसके चलते स्थानीय पैदावार लगभग खत्म सी हो गई। ऐसे में अन्य जिलों व राज्यों पर निर्भर होने तथा वहां से परिवहन चार्ज व आढ़त जुडऩे से सब्जियों के दामों में तीन से चार गुना तक वृद्धि हुई।
कई फलों से महंगा टमाटर
टमाटर के भाव चार गुना तक बढ़कर 80 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। वर्तमान में टमाटर से सस्ता आम 40, पपीता 40, मौसमी 50, नाशपाती 50, केला 30 तथा अनानास 70 रुपए प्रति किलो की दर से फुटकर में बेचा जा रहा है। ऐसे में टमाटर फिलहाल कई फलों से ज्यादा कीमत पर बिक रहा है। ज्यादातर सब्जियां बाहर से ही आती हैं। सब्जी विक्रेता विष्णु ने बताया कि शहर में लोकल सब्जियों की आवक बंद होने से पंजाब से महंगी दर से सब्जी आ रही है। वहीं बरसात का दौर होने के कारण चुनिंदा सब्जियां पहुंच रही है, यह मांग के अनुरुप आपूर्ति नहीं हो पा रही, ऐसे में दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
Updated on:
15 Jul 2024 07:55 pm
Published on:
15 Jul 2024 07:54 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
