अनूपगढ़. ग्राम पंचायत 12 ए बी के गांव 9 ए में स्कूल में बने कमरों की जर्जर हालत को देखते हुए वहां के ग्रामीणों द्वारा नए कमरों का निर्माण करवाने एवं जर्जर हालात के कमरों की मरम्मत करवाने की मांग जिला कलक्टर से की गई है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा भेजे गए ज्ञापन में अवगत करवाया गया कि गांव 9 ए में कक्षा 5 तक का विद्यालय है। वर्तमान में इस स्कूल की कमरों की हालत जर्जर हो चुकी है। कमरों में दरारे आ चुकी हैं। ऐसे में छत गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्कूल के पास की जगह नीची होने से ठहरता है बरसाती पानी
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि स्कूल के कमरों के पास जगह नीची होने के कारण बरसात का पानी ठहरता है, जिससे कमरों की दीवारों में पानी नींव में जाकर नुकसान पहुंचा रहा है व कमरे गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। ऐसे में बच्चों की जान पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने लिखा कि बरसात आने पर पूरे स्कूल में पानी भर जाता है, जिससे बच्चों के साथ साथ विद्यालय के स्टाफ को भी भारी परेशानी होती है। अनेक बार बच्चे स्कूल भी नहीं आ पाते हैं। स्कूल की चारदीवारी के साथ गहरे खड्डे बने हुए हैं, जिससे चारदीवारी भी गिरने की कगार पर पहुंच गई है।
पूरे स्कूल में मिट्टी भरवाई जानी जरूरीज्ञापन में मांग की गई है कि इस समस्या का समाधान करवाने के लिए स्कूल पूरे स्कूल में मिट्टी भरवाई जानी जरूरी है, ताकि पानी ठहर ना सके। ग्रामीणों ने मांग उठाई कि स्कूल की चारदीवारी का निर्माण भी पुन: करवाया जाए। ज्ञापन में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र स्कूल में कमरों की मरम्मत नहीं शुरू की गई या नए कमरों का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो स्कूल में तालाबंदी कर दी जाएगी। इस मौके पर मीरा देवी, भागवती देवी, संतोष, पूनम देवी, परमजीत कौर, कश्मीर सिंह, मदनलाल, देवीलाल, प्रभु दयाल, तुलसीराम, गुरमीत कौर, निर्मल कौर, बलजिंदर सिंह, जोगा सिंह, इंद्रा देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।