Maharashtra News: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में बगावत के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने दावा किया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कुर्सी जाने वाली है और उनकी जगह अजित पवार की ताजपोशी होगी। एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार पार्टी के 8 विधायकों के साथ रविवार को शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हुए। पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि पार्टी के आठ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। शिवसेना (यूबीटी) ने आज अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में दावा किया है कि पवार विद्रोह कर उपमुख्यमंत्री पद के लिए नहीं गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व शिवसेना के बागी विधायकों को जल्द अयोग्य करार दिया जाएगा और तब पवार को मुख्यमंत्री बनाया जायेगा।