
समिति चेयरमैनों की नियुक्तियों का सामान्य सभा में होगा ऐलान
सूरत. मनपा बोर्ड की बुधवार को होने वाली सामान्य सभा में विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा।
महापौर समेत उपमहापौर, स्थाई समिति अध्यक्ष और नेता शासक पक्ष के चुनाव के बाद से ही अन्य समितियों के गठन का इंतजार था। विभिन्न 12 समितियों की कमान संभालने के लिए आतुर पार्षद करीब महीनेभर से अपनी गोटियां बिछाने में व्यस्त रहे। संभावित दावेदारों ने अपने आकाओं के माध्यम से आलाकमान तक पैरवी कराई गई। आलाकमान ने इस बार किसी भी दावेदार के नाम को हवा नहीं दी है। चर्चा में कोई नाम नहीं होने से पार्षदों ही नहीं, मनपा अधिकारियों में भी असमंजस की हालत बनी हुई है। बुधवार को होने वाली सामान्य सभा में इस असमंजस से पर्दा उठ जाएगा।
विभिन्न समितियों के चेयरमैन को लेकर मनपा पदाधिकारियों के पास भी कोई संकेत नहीं हैं। महापौर जगदीश पटेल समेत अन्य पदाधिकारियों के मुताबिक बुधवार को भाजपा के संकलन की बैठक में ही नामों का खुलासा होगा। माना जा रहा है कि सामान्य सभा से ठीक पहले इन नामों को सार्वजनकि किया जाएगा।
सभी को अपने नंबर का इंतजार
जब तक नामों का ऐलान नहीं हो जाता, समितियों की कमान संभालने के दावेदारों में उम्मीद बची हुई है। संकलन बैठक में साफ हो जाएगा कि लॉटरी किसके नाम लगी। फिलहाल तो सभी दावेदार आश्वस्त हैं कि आलाकमान ने उन्हीं के नाम पर मुहर लगाई है। सामान्य सभा में समिति चेयरमैनों के नाम के ऐलान के साथ ही इन समितियों का गठन भी किया जाएगा। माना जा रहा है कि कमोबेश सभी सदस्यों को समितियों में एडजस्ट कर लिया जाएगा। पार्षदों की पूरी कवायद इस बात पर है कि उनका नाम किसी तरह महत्वपूर्ण समितियों में एडजस्ट हो जाए।
इन समितियों का होना है गठन
बोर्ड बैठक में आरोग्य समिति, सार्वजनिक निर्माण समिति, पानी समिति, नगर नियोजन समिति, सांस्कृतिक समिति, गटर समिति, कायदा समिति, आरोग्य समिति, उद्यान समिति, लाइट एण्ड फायर समिति, स्लम इंप्रूवमेंट समिति और सार्वजनिक परिवहन समितियों का गठन किया जाएगा। समितियों के गठन के बाद एजेंडे में शामिल अन्य प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
Published on:
24 Jul 2018, 9:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.