-गौ सेवार्थ श्री गौ सेवा समिति का 14 जनवरी को शहर में आठ स्थलों पर होगा आयोजन
सूरत. मनुष्य के 16 संस्कारो में ब्राह्मण और गाय माता की महत्वपूर्ण भूमिका है। बिना गाय और ब्राह्मण के बिना संस्कार अधूरे हैं। ब्राह्मण और गाय माता संस्कारो की धुरी है। भगवान भी विप्र, धेनु और सन्तों के लिए ही अवतार लेते है। उक्त बात भागवत कथा के दूसरे दिन मंगलवार को व्यासपीठ से पंडित परमेश्वर लाल शास्त्री ने कही।श्रीजी जानकीनाथ गोशाला सेवा समिति की ओर से वेसू स्थित श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम के लखदातार हॉल में आयोजित कथा के दूसरे दिन महाराज ने कपिल अवतार व ध्रुव चरित्र की कथा बताई। उन्होंने कहा कि नारद शिष्य ध्रुव ने भगवान को भी मोह लिया और अपना व परिवार का नाम अटल कर लिया। भगवान अपने भक्तों के लिए ही अवतार लेते है। भागवत में यदि गाय और सन्तों के चरित्र को निकाल दिया जाए तो कथा में कुछ शेष नही बचेगा। गोमाता की महिमा हर ग्रन्थ में गाई गई है। गोमाता के निमित्त यदि परोपकार किया जाए तो उसका छह गुना वापस लौट आता हैं। कथा रोजाना दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होती है। इस अवसर पर विजय भारूका, राजेश भारूका, सीताराम भारूका, मनोज शर्मा, सांवरमल शर्मा, सज्जन भारूका, चिरंजीलाल अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, विनोद शर्मा, दिनेश शर्मा आदि बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।
गौ कृपा कथा महोत्सव आज से, निकलेगी कलश यात्रा
सूरत. विश्व स्तरीय गौ चिकित्सालय, नागौर में पीड़ित गोवंश के सेवार्थ राधा एंजॉय मंडल द्वारा पांच दिवसीय गौ कृपा महोत्सव का आयोजन बुधवार से किया जाएगा। मंडल की ओर से गौ कथा का आयोजन 15 जनवरी तक सिटीलाइट स्थित माहेश्वरी भवन में प्रतिदिन दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक किया जाएगा। गौ कृपा कथा का रसपान श्रद्धालुओं को व्यासपीठ से साध्वी कपिला गोपाल सरस्वती दीदी कराएगी। कथा आयोजक राधा एंजाय मंडल की मैना मंत्री ने गौ सेवार्थ मंडल की सभी सदस्य महिलाओं के सहयोग से कथा आयोजन का बीड़ा उठाया है। कथा से पूर्व बुधवार सुबह 10 बजे सिटीलाइट में अणुव्रत द्वार के निकट बालाजी मंदिर से कलश यात्रा बाजे-गाजे के साथ रवाना होगी और विविध मार्गों से होकर कथास्थली माहेश्वरी भवन पहुंचेगी। कथा के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सक गजानंद (जयपुर) द्वारा प्रतिदिन सुबह 8 से 10.30 बजे तक तथा दोपहर 1 से सायं 6 तक घुटनों एवं कमर के दर्द की जांच की जाएगी। मंडल की तारा राठी ने बताया कि 15 जनवरी को शाम 6 बजे से बाबा रामदेव भक्त मंडल (मगरा क्षेत्र) द्वारा रामदेवजी के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
मकर संक्रांति को लगाएंगे गौ ग्रास संग्रह स्टॉल
सूरत. दान पर्व मकर संक्रांति के उपलक्ष में श्री सोमोलाई हनुमान गौशाला सेवार्थ मकर संक्रांति महोत्सव का आयोजन 14 जनवरी को श्री गौ सेवा समिति की ओर से किया जाएगा। महोत्सव के दौरान शहर में आठ स्थलों पर गौ ग्रास संग्रह स्टॉल लगाए जाएंगे।
महोत्सव के संयोजक कैलाश अग्रवाल ने बताया कि कामरेज में धोरणपारड़ी में श्री गौ सेवा समिति संचालित श्री सोमालाई हनुमान गौशाला के सहायतार्थ मकर संक्रांति महोत्सव 14 जनवरी को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर में भटार रोड पर उमा भवन के पास, घो़डदौड़रोड पर श्रीराम मंदिर, राम चौक, सिटीलाइट में अणुव्रत द्वार के पास हनुमान मंदिर, वेसू में श्री श्याम मंदिर व श्रीसिद्धिविनायक मंदिर, अलथान में आशीर्वाद एन्क्लेव, न्यू सिटीलाइट में श्री मेंहदीपुर बालाजी मंदिर के पास, परवत पाटिया में शिव मंदिर के पास, ऋषिविहार सोसायटी, कुंभारिया गांव में नेचरवेली सोसायटी, गोडादरा में शिवपार्क सोसायटी में गौ ग्रास संग्रह स्टाॅल लगाए जाएंगे। महोत्सव में सुबह साढ़े सात से रात नौ बजे तक सभी स्टॉल पर गाय व बछड़े का गौ पूजन, गौ आरती आदि के कार्यक्रम होंगे।
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ आज से
सूरत. धनुर्मलमास के उपलक्ष में श्री जड़खोर गौधाम सेवा समिति की ओर से श्रीमद भागवत कथा ज्ञानयज्ञ की शुरुआत बुधवार से की जाएगी। कथा की शुरुआत में सुबह सवा आठ बजे तुलसी कलश यात्रा का आयोजन सिटीलाइट में सच्चियाय माता मंदिर से किया जाएगा। सात दिवसीय कथा आयोजन सिटीलाइट में सूर्यप्रकाश रेजिडेंसी के पीछे श्रीसुरभिधाम प्रांगण में प्रतिदिन दोपहर साढ़े तीन से शाम सात बजे तक होगा और व्यासपीठ से मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज श्रद्धालुओं का कथा श्रवण कराएंगे। समिति ने बताया कि तुलसी कलश यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है और यात्रा में कथा मनोरथी गीतादेवी गजानंद कंसल व समस्त कंसल परिवार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। बाजे-गाजे के साथ यात्रा बाद में विभिन्न मार्ग से होकर कथास्थली पहुंचेगी।