
SURAT NEWS : देर रात को टमाटर मांगने के विवाद में गई युवक की जान
सूरत. लसकाणा में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक जनें की हत्या हो गई। मामला सामने आने पर सरथाणा पुलिस ने कार्रवाई कर हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार लसकाणा द्वारकेश सोसायटी निवासी बिद्याधर पांडव श्यामल की उसके पड़ोसी कालूगुरु ने हत्या कर दी। दरअसल शुक्रवार रात बिद्याधर के घर पर कुछ मेहमान आए थे। खाना बनाने के लिए उसे टमाटर की जरूरत थी।
वह टमाटर मांगने के लिए पड़ोसी कालूगुरू के घर गया। उसने टमाटर मांगते हुए कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन कालूगुरू ने इनकार कर दरवाजा नहीं खोला। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी भी हुई। अगले दिन शनिवार को बिदयाधर व कालूगुरू के बीच विवाद हुआ।जिसकी रंजिश रख कालूगुरू कहीं से चाकू लेकर आया और उसने बिद्याधर पर हमला कर दिया। पेट में कमर में चाकू के गंभीर वार लगने पर लहूलुहान हालत में विद्याधर को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी मिलने पर सरथाणा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बमरोली रोड पर आशापुरी सोसायटी में रहने वाले बिद्याधर के साले वसंत कुमार बिस्वाल की प्राथमिकी के आधार पर कालू गुरू के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने शनिवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच कर रहे सरथाणा थाना प्रभारी वी.एल. पटेल ने बताया कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
हमलवार व मृतक हमवतनी
पुलिस ने बताया कि मृतक बिद्याधर व आरोपी कालूगुरु दोनों ओडिशा गंजाम जिले के बोरी गांव के मूल निवासी हैं। लंबे समय से लसकाणा क्षेत्र के कारखानों में मजदूरी कर रहे थे। यहां भी दोनों पड़ोस में रह रहे थे और दोनों का एक दूसरे के घर पर आना-जाना व जरूरत की चीजों का लेनदेन होता था।
Published on:
29 Jan 2024, 5:56 PM IST
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.