गुना। जनपद पंचायत सीईओ सुनील गोयल की मौत के बाद शनिवार को उनके बंगला और पंचायत परिसर के आसपास सन्नाटा पसरा रहा, उनके शुभचिंतक एक ही बात बोलते रहे काश कुछ बताया होता तो सब ठीक हो जाता है।
ऐसी कोई समस्या नहीं जिसका हल नहीं निकलता हो। इधर मप्र पंचायत सचिव संघ ने 21 दिसंबर को उनके निधन पर श्रद्वांजली आयोजित की है साथ ही ज्ञापन देकर मामले की न्यायिक जांच की मांग की जाएगी।
आरोन जनपद पंचायत के सचिव भारत सिंह ने बताया कि कुछ दिन से वह तनाव में थे, कम बोल रहे थे लेकिन कुछ बताया नहीं। घटना के दिन दोपहर तक आफिस में थे इसके बाद शाम को गुना मीटिंग में जाने का बोलकर निकल आए। मैने उनसे पूछा भी सर क्या बात है ..। आप कुछ उदास लग रहे हैं तो उन्होंने मुस्कुरा कर टाल दिया। इसके बाद घर निकल गए। ब्लाक के पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि तीन चार दिन से स्वभाव में परिवर्तन आया था,लेकिन आफिस के काम काज निवटा रहे थे।
हमें विश्वास नहीं हो रहा है कि यह घटना कैसे हो गई। उन्होंने कुछ बताया होता तो सभी समस्या निवट सकती थी। समझ नहीं आ रहा ऐसी कौन सी गंभीर समस्या आ गई, जिसके चलते उन्होंने इतना बढ़ा कदम उठाया।
जनपद पंचायत स्टाफ का कहना है कि वह बैठकर काम निवटा रहे थे। पेंडिंग फाइल निवटाई इसके अलावा गाडिय़ों की लाक बुक का काम निबटाया और जिन लोगों को पैसे देने थे उनके पैसे भी चुकाए। लेकिन यह सब काम सामान्य रूप से ही लग रहा था।