
सांसद जौनापुरिया ने निवाई व चौथ का बरवाड़ा में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग
टोंक. टोंक-सवाईमाधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में सांसदों के साथ महाप्रबन्धक की बैठक में भाग लिया। सांसद ने संसदीय क्षेत्र में आने वाले चनानी, बनस्थली निवाई, सिरस, सुरेली, ईसरदा, चौथ का बरवाड़ा, देवपुरा सभी रेलवे स्टेशनों के विकास व ट्रेन ठहराव से सम्बन्धित मुद्दों को रखा।
सांसद ने बनस्थली निवाई नव निर्मित एफ.ओबी. के दोनों ओर लिफ्ट व स्वचलित सीढिय़ों की सुविधा दी जाने की मांग की। ताकि विकलांग व वृृद्ध लोगों को इस का लाभ मिल सके। इस प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए नि:शुल्क इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाए।
साथ ही निवाई-बनस्थली जंक्शन पर आने-जाने वाली सभी सुपर फास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव कराया जाए। निवाई रेलवे स्टेशन पर एक ऐसी ट्रेन का ठहराव करवाया जाए, जो कि सुबह 9 बजे तक आवश्यक रूप से यात्रियों को जयपुर पहुंचा सके। ताकि वहां कार्यरत श्रमिक, कर्मचारी व अधिकारी समय पर अपने गंतव्य पर पहुंच सके।
निवाई से जयपुर के लिए इसी उद्देश्य से एक शटल ट्रेन भी चलाई जाए। मुम्बई सुपरफास्ट ट्रेन का भी बनस्थली निवाई रेलवे स्टेशन पर ठहराव करवाया जाए। वर्तमान में मुम्बई की ओर जाने वाली एक भी ट्रेन का ठहराव नहीं है।
सांसद ने बताया शैक्षिक दृष्टि से बनस्थली निवाई व धार्मिक दृष्टि से चौथ का बरवाड़ा अति महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, लेकिन मुम्बई के लिए किसी भी गाड़ी का ठहराव नहीं है।
इस कारण बनस्थली विद्यापीठ की छात्राओं, चौथ माता के श्रद्धालुओं व अन्य यात्रियों को मुम्बई जाने के लिए ट्रेन जयपुर या सवाई माधोपुर से पकडऩी होती है। उन्होंने जयपुर-बान्द्रा ट्रेन-सप्ताह में तीन दिन (सोम, बुद्ध, और शुक्र) चलती है, जिसका ठहराव बनस्थली व चौथ का बरवाडा स्टेशन पर करने लोगों को सुविधा होगी।
बैठक में सांसद ने मंडल प्रबंधक से सवाईमाधोपुर-जयपुर लाइन पर विद्युतीकरण पूरा होने के बारे में जानकारी मांगी। इस पर महाप्रबन्धक ने बताया कि विद्युतिकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जल्द ही इस का उपयोग प्रारम्भ किया जाएगा।
Published on:
9 Sep 2019, 2:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.