उदयपुर/ गोगुंदा. bar association election स्थानीय बार एसोसिएशन में अध्यक्ष पद का चुनाव टाई के समीकरणों में उलझ गया है। यानी कि चुनावी दंगल में भाग्य अजमा रहे दोनों उम्मीदवारों को यहां बराबर मत मिले। समान परिणामों के बीच बार अध्यक्ष के कार्यकाल आपसी रजामंदी के बाद दो भागों में बांट दिया गया। नई व्यवस्था के तहत पहले छह माह तक एक उम्मीदवार और अगले छह माह के लिए दूसरे उम्मीदवार को अध्यक्ष पद के लिए मौका दिया जाएगा। इससे पहले चुनाव अधिकारी कुशालसिंह राणावत के नेतृत्व में हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नरेंद्रसिंह झाला को 19 और तोताराम गरासिया को इतने ही वोट मिले। परिणामों की घोषणा के बाद टाई के नियमों के तहत पहले छह के लिए नरेंद्रसिंह झाला बार अध्यक्ष रहेंगे, जबकि अगले छह माह के कार्यकाल में तोताराम गरासिया अध्यक्ष पद की बागडोर संभालेंगे। चुनाव परिणामों के तहत उपाध्यक्ष महेंद्र पालीवाल, महासचिव धर्मेश पालीवाल, सचिव बंशीलाल तेली (निर्विरोध), कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार जोशी (निर्विरोध) एवं सचिव घनश्याम पालीवाल को विजेता घोषित किया गया। इस मौके पर अधिवक्ता जगदीशचंद पानेरी, कमलेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश भोई एवं अन्य मौजूद थे।