
भीण्डर. उदयपुर जिले की भीण्डर नगर पालिका के अध्यक्ष गोवर्द्धन लाल भोई के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव 16 मतों से पारित हो गया। इसके साथ ही क्षेत्र में नई राजनीति की उटापटक शुरु हो गई है। जिसकी पहली बानगी ही यह देखने को मिली की प्रस्ताव पारित होने के बाद जनता सेना के बागी 13 पार्षदों को कांग्रेस के पूर्व विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत अपने साथ घर पर ले जाकर भव्य स्वागत किया। वहीं दूसरी और जनता सेना में मायूसी के साथ विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने कार्यकर्ताओं को ढांढस बंधाया।
सुबह 9 बजे से नगर पालिका कार्यालय के बाहर सैकड़ों पुलिस जवानों के साथ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। करीब 9.45 बजे कांग्रेस के पूर्व विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत के नेतृत्व में जनता सेना के बागी 13 व कांग्रेस के तीन पार्षद पुलिस जाप्ते के साथ पालिका कार्यालय पहुंचे। इसके कुछ समय बाद ही पालिकाध्यक्ष गोवर्द्धन लाल भोई व दो जनता सेना पार्षद भी पालिका पहुंचे गये। जिसके बाद 11 बजे से अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन छोगाराम देवासी के सानिध्य में बोर्ड बैठक व अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की प्रक्रिया शुरु हो गई।
इस दौरान पालिका कार्यालय के बाहर विधायक रणधीर सिंह भीण्डर अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच करके पालिका से करीब 200 मीटर दूर तम्बू तानकर बैठ गये। जिसमें उन्होंने माइक व स्पीकर से पार्षदों से अपील भी की। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपेन्द्र कुंवर भीण्डर ने इस घटनाक्रम को कटारिया का खेल बताया और कहा कि मेवाड़ में कांग्रेस-भाजपा एक हैं और इसका उदाहरण आपके सामने है।
भीण्डर में सुरक्षा के लिए तीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, छह पुलिस उपधीक्षक, 15 थानाधिकारी के साथ 400 करीब जवान सुरक्षा के लिए नगर के चप्पे-चप्पे पर तैनात हुए है। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस के 15 जवान भी तैनात कर दिए गए है। वहीं प्रशासनिक अधिकारी के रुप में वल्लभनगर उपखण्ड अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, भीण्डर उपतहसीलदार लक्ष्मीनारायण सिंह राठौड़, कानोड़ उपतहसीलदार मुबारिक हुसैन मुंसरी सहित प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी पालिका कार्यालय पर उपस्थित रहे।
Published on:
26 Sept 2017 03:33 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
