
रेलमगरा. मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उषा टेलर ने गुरुवार को पंचायत समिति क्षेत्र के जीतावास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। सीबीईओ विद्यालय संचालन समय से पहले ही पहुंच गईं और शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति सहित समय पर विद्यालय पहुंचने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में आयोजित संगीतमय प्रार्थना कार्यक्रम की उन्होंने सराहना करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या, उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण, स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पद पर नियुक्ति के बाद पहली बार विद्यालय पहुंचने पर संस्था प्रधान राजकुमार आमेटा के निर्देशन में विद्यालय स्टाफ ने उषा टेलर का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यालय की गतिविधियों और व्यवस्थाओं से भी उन्हें अवगत कराया।
Updated on:
07 Aug 2026 06:00 am
Published on:
07 Aug 2026 06:00 am
