
पीपली आचार्यान. द अक्षय पात्र फाउंडेशन, नाथद्वारा के भोजन जागरूकता अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंजारों की भागल एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय पथवारी मोहल्ला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। वितरण विभाग के सीनियर एग्जीक्यूटिव मुकेश कुमार बैरवा ने विद्यार्थियों को अत्याधुनिक एवं स्वच्छ रसोई में मध्याह्न भोजन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया का वीडियो दिखाया। उन्होंने बताया कि आधुनिक मशीनों, उच्च गुणवत्ता मानकों एवं खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए पौष्टिक, स्वादिष्ट और सुरक्षित भोजन प्रतिदिन हजारों विद्यार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, भोजन से पहले हाथ धोने की आदत तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक वीडियो देखा और भोजन निर्माण व वितरण प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंजारों की भागल के प्रधानाध्यापक मनीष आचार्य, अध्यापक तेजवीर सिंह चौधरी, कुक कम हेल्पर उर्मिला मैलाना तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय पथवारी मोहल्ला की सुशीला कुमारी उपस्थित रहीं। सभी ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में मध्याह्न भोजन के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Updated on:
07 Aug 2026 06:00 am
Published on:
07 Aug 2026 06:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
