
पौने दो मिनट में घर में घुसा पैंथर और डॉग को उठाकर ले गया
उदयपुर. बेड़वास के उदय बंगलोज क्षेत्र में गुरुवार मध्यरात्रि को एक घर में पैंथर घुसा और पालतू डॉग को उठाकर ले गया। सुबह जब कुत्ता नहीं मिला तो सीसी टीवी फुटेज खंगालने पर इसकी जानकारी मिली।
उदय बंगलोज निवासी हरदीप सिंह मारवा ने बताया कि उनके पड़ोसी हेमेंद्र शर्मा का पालतू लेब्राडोर नस्ल का डॉग शुक्रवार को घर से गायब था। ऐसे में वे काफी परेशान हो रहे थे। चोरी की आशंका पर उन्होंने अपने घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो पता चला कि रात करीब 12.30 बजे एक पैंथर कॉलोनी की गली में घूम रहा था। रात को ही वह छिपते हुए पड़ोसी के घर में घुसा और उनके कुत्ते को उठाकर ले गया। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि पैंथर ने इस घटना को 1 मिनट 44 सेकंड में ही अंजाम दे दिया। इसकी भनक तक आसपास के लोगों को नहीं लगी। पैंथर के कॉलोनी में आने की जानकारी मिलने पर लोगों में भय व्याप्त है। मारवा ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दी। विभाग से कुछ कर्मचारी मौका देखकर गए हैं।
मावली में शावकों के साथ दिखी मादा पैंथर
मावली के वीर डोडिया गांव के समीप कुछ लोगों को दो शावकों के साथ मादा पैंथर दिखाई दी। शावक और मादा पैंथर आबादी क्षेत्र के एक से डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में होने से वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में ड्रोन उड़ाकर उनकी लोकेशन पता की गई। शावक तालाब की मोरी में दिखाई दिए। पास ही मादा भी नजर आई। ऐसे में स्टाफ मौके पर ही रुका और उनकी निगरानी कर रहा है।
लगाया जाएगा पिंजरा
बेड़वास में उदय बंगलोज कॉलोनी के पास पहाड़ी पर पैंथर का मूवमेंट रहा है। इसके कॉलोनी में आने की पुष्टि हो चुकी है। यहां पिंजरा लगाया जाएगा।
- नरपत सिंह राठौड़, सहायक उपवन संरक्षक
Published on:
29 Apr 2023 09:19 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
