
हाइवे पर ट्रकों से चोरी की अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश
गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने हाइवे पर ट्रकों से चोरी करने वाली अंतरराज्यीय चरखा गैंग का पर्दाफाश किया है। गैंग के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया ।
एएसपी (मुख्यालय) कुंदन कंवारिया और गिर्वा वृताधिकारी डूंगरसिंह के सुपरविजन में गोवर्धनविलास थानाधिकारी चैलसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। खनखरिया थाना-बी डिवीजन गोधरा पंचमहल गुजरात निवासी कासम पुत्र कालू मोहम्मद, दारू सलाम सोसायटी गोधरा गुजरात निवासी ओजेफा पुत्र याकुब यायमन और फलिया गोधरा गुजरात निवासी सुफियान पुत्र फारूख मामजी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एएसआइ भगवती लाल, हेडकांस्टेबल गणेश सिंह, मनोहर सिंह, कांस्टेबल दिनेश सिंह, राजेन्द्र सिंह, लोकेश रायकवाल की भूमिका रही।
इस तरह खुली परतें
सूचना मिली कि एक ट्रक कावेरी ट्रांसपोर्ट बलीचा पर आया, जिसमें से 7-8 लोग उतरे। इस ट्रक में भरा सामान दूसरी ट्रक में भरकर ले गए। ट्रक की बॉडी मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में इंदौरी बॉडी वक्र्स से तैयार होना सामने आया। पता किया तो इसी तरह के 15-20 ट्रक की बॉडी तैयार करना बताया गया। सभी ट्रकों का सत्यापन किया तो 3 ट्रक गुजरात के दाहोद में पंकज मेहता को देना बताया। टीम ने पंकज मेहता से पूछताछ की तो एक ट्रक गोधरा गुजरात निवासी उमर फारूख चरखा को बेचना बताया। उमर फारूख चरखा, जो की चरखा गैंग का सरगना हैं। उसकी गैंग ताड़ पत्री (ट्रकों का तिरपाल काटकर माल चुराने) का काम करती है। गैंग गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों में वारदातें करती है। ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सभी फरार हो गए। इसी दरमियान पुलिस थाना किशनगंज इंदौर मध्यप्रदेश के एक प्रकरण में चरखा गैंग के कासम, ओजेफा व सुफियान के गिरफ्तार होने की सूचना मिली। टीम ने प्रोडक्शन वारंट से गैंग को गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से रिमाण्ड पर भेजा।
यह मामला आया सामने
प्रार्थी दिल्ली-राजस्थान ट्रांसपोर्ट कम्पनी बलीचा में मैनेजर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-9 निवासी कमलेश पुत्र रामभजन शुक्ला ने 1 जुलाई 2021 को केस दर्ज कराया था। बताया कि कम्पनी की गाडिय़ां कोयम्टूर और तिरुपुर (तमिलनाडु) से परचून माल भरकर लाती है। गत 25 जून 2021 को एक ट्रक कपड़े की गांठे, पानी की मोटर पम्प एवं मशीनरी पार्ट्स भरकर रवाना किया था। 30 जून की रात 2 बजे बलीचा के पास चौधरी पेट्रोल पम्प के पहले ड्राइवर शशि कुमार व सनमुगम गाड़ी को सर्विस रोड पर खड़ी करके केबिन में सो गए। उसके बाद बदमाशों ने गाड़ी की रस्सी और तिरपाल काटकर कपड़े की 28 गांठे और पानी की 9 मोटर पम्प, एक मशीनरी पार्ट चोरी कर लिए। माल की कीमत करीब 15 लाख रुपए है।
Published on:
13 Mar 2022 01:40 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
