
corona - अब कोरोना से बचाव के लिए ऐसे करेंगे जागरूक
भुवनेश पंड्या
उदयपुर. कोरोना पॉजिटिव होने के बाद ये नेगेटिव हो गए, अब वे स्वस्थ है, लेकिन आगामी किसी भी प्रकार की जांच को लेकर उनमें घबराहट है। उनका मानना है कि अभी वे इंतजार कर रहे हैं ताकि कुछ दिनों बाद जांच करवाए। उन्हें तरह-तरह के डर हैं, लेकिन चिकित्सक मानते हैं कि यदि कोई परेशानी हो रही है तो वे तत्काल इसकी जांच जरूर करवाएं।
-----
कुछ मरीजों को ये आ रही है परेशानी: कुछ मरीजों को अलग-अलग प्रकार की परेशानी हो रही है, जिन्हें अधिकांश कोरोना से जोड़कर देख रहे हैं।
- कोरोना पॉजिटिव से नेगेटिव होने के बाद कई लोगों को कमजोरी का अनुभव हो रहा है।
- खांसी, सांस लेने में परेशानी, चक्कर आना, थकान, हल्का बुखार, जोड़ों में दर्द और उदासी जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। इसे कोविड सिम्पटम भी कहा जाता है।
-----
पोस्ट कोविड वार्ड में ओपीडी - एमबी हॉस्पिटल में खोले गए पोस्ट कोविड वार्ड में प्रतिदिन करीब पांच लोग जांच के लिए आ रहे हैं, जबकि मंगलवार रात तक इसमें किसी को भी भर्ती नहीं किया। सरकार ने हाल में पोस्ट कोविड मरीजों की परेशानी को देखते हुए प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पोस्ट कोविड वार्ड खोले। कुछ चिकित्सकों के मुताबिक ऐसे कई मरीज सामने आ रहे हैं, जिनकी कोरोना की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद भी लक्षण बने हुए हैं और उन्हें इलाज की जरूरत पड़ रही है।
-----
इसलिए है डर :
- मरीजों में डर है कि जाने क्या नई समस्या सामने आ जाए, इसे लेकर कुछ मरीज जांच से या फिर से दिखाने से डर रहे हैं।
- कई मरीजों को फिलहाल कोई समस्या नहीं है, लेकिन जब वे कोरोना को लेकर सोचते हैं तो उन्हें लगता है कि वे अभी भी बीमार है।
- कई मरीज मेडिसिन ओपीडी में आ रहे हैं, ये मरीज फिजिशियन देख रहे हैं। कोरोना ओपीडी में जाने से उन पर कोरोना का टैग लगने का डर रहता है।
-----
कम आ रहे हैं मरीज
फिलहाल कोरोना ओपीडी में मरीज कम आ रहे हैं। अभी तक किसी को भर्ती नहीं किया गया है। हमने पोस्ट कोविड ओपीडी खोला है, जो मरीज आएंगे उन्हें देखना होगा।
डॉ. आरएल सुमन, अधीक्षक, एमबी हॉस्पिटल, उदयपुर
Published on:
05 Nov 2020 07:30 am
