
खाली पड़़ा बागलिया बांध व सूखी पड़ी नहर
मोहम्मद इलियास/शुभम कडेला
उदयपुर. मेवाड़ के इतिहास एवं उदयपुर जिले में मावली प्रमुख स्थान रखता है। जिसे मेवाड़ के महाराणा राज सिंह ने राजकुमारी चांद कुंवर को दहेज में दिया था। इस कस्बे में आजादी के पहले से बने मावली जंक्शन पर डेढ़ शताब्दी के सफर में कोयले के इंजन से लेकर द्रुतगति से दौडऩे वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ने यहां सरपट दौड़ते हुए विकास की नई राह लिख दी, लेकिन जनप्रतिनिधियों की इच्छाशक्ति के अभाव में विकास के अन्य पायदानों पर यह क्षेत्र पिछड़ गया। चुनावों में हर बार प्रत्याशियों ने बड़े-बड़े वायदे किए, लेकिन 18 साल से बागोलिया बांध को भर नहीं पाए। मावली एक ऐसा जंक्शन है, जहां से देश के हर कोने में आने-जाने वाली ट्रेनों का ठहराव होता है, लेकिन अभी भी मेवाड़-मारवाड़ को जोडऩे वाली ब्रॉडग्रेज लाइन का इंतजार है।
आजादी के पहले से हो रहा रेलों का संचालन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार मावली जंक्शन स्टेशन पर 3 से 4 दर्जन से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। यह स्टेशन आजादी के पहले सन् 1881 से संचालित है। जहां शुरू से ही मीटरगेज रेलों का संचालन होता था। समय के साथ ब्रॉडगेज में आमान परिवर्तन हुआ। अब इलेक्ट्राफाइड स्टेशन हो चुका है। वहीं अब वंदे भारत एक्सप्रेस भी चल चुकी है। जिसका ठहराव यहां हो रहा है। इससे यात्रियों को सभी सुविधाएं मिल जाती है। दूरदराज से यात्री यहां पहुंचकर मुख्य बड़े स्टेशनों के लिए यात्रा करते हैं।
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मावली
जैसलमेर के रामदेवरा में जाने वाले यात्री यहां से संचालित मावली-मारवाड़ मीटर गेज ट्रेन से यात्रा करते हैं। वहीं राजस्थान के साथ गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र से यात्री श्रीनाथजी के दर्शन के लिए मावली पहुंचते हैं। यहां से टैक्सी के माध्यम से 30 किलोमीटर दूर स्थित नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन करने जाते हैं। वहीं महाकाल उज्जैन, खाटूश्यामजी रींगस जंक्शन ओखा आदि के लिए यहां से यात्रा करते हैं। ऐसे में पर्यटन की दृष्टि से मावली जंक्शन महत्वपूर्ण है।
18 साल में भर नहीं पाया बागोलिया बांध
मावली तहसील क्षेत्र का सबसे बड़ा बांध बागोलिया 18 साल में भी नहीं भर पाया। इससे क्षेत्र में सिंचाई जल संकट है। वर्ष 2006 में अच्छी बारिश के चलते अंतिम बार यह बांध साढ़े 21 फीट लबालब हुआ था। इसके बाद बांध के लबालब होने का सपना अधूरा है। बडियार ग्राम पंचायत में मावली- नाथद्वारा नेशनल हाइवे 162 इ पर स्थित बागोलिया बांध सन् 1956 में बना था। यह बांध मावली उपखण्ड मुख्यालय से मात्र 6 किमी दूर है। बांध को उदयसागर से नहर बनाकर भरने का प्रस्ताव राज्य सरकार ने बना रखा है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसे लेकर कोई कदम नहीं उठाए गए।
क्षेत्र के खास मुद्दे
- सिंचाई जल : क्षेत्र का सबसे बड़ा बांध बागोलिया भरना
- स्कूलों में स्टाफ की कमी
- रोजगार : इंडस्ट्री की स्थापना व विकास
- चिकित्सा : स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों व स्टाफ की कमी
फाइट फैक्टर
लगातार 2 विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत हो रही है। कांग्रेस ने पुष्करलाल डांगी को चौथी बार मैदान में उतारा है। इससे पूर्व 2008 के चुनाव में पुष्करलाल डांगी ने भाजपा के धर्मनारायण जोशी को हराकर जीत हासिल की थी। वहीं, पुष्करलाल को 2013 चुनाव में भाजपा के दलीचंद डांगी व 2018 में भाजपा के धर्मनारायण जोशी ने हराया।मावली विधानसभा से भाजपा के शांतिलाल चपलोत 3 बार भाजपा से चुनाव जीते है। जो विधानसभा अध्यक्ष पद पर भी रहे।
मावली में कुल मतदाता
पुरुष : 130507
महिला : 127485
थर्ड जेंडर : 5
कुल : 257997
Published on:
23 Nov 2023 08:02 pm

बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
