
Road Accident : उदयपुर पिंडवाड़ा हाईवे पर सोमवार दोपहर भीषण हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 जनों की मौत हो गई। हादसा गागुदा थाना क्षेत्र के मालवा चौराहे पर हुआ। परिवार के लोग शादी का मुहूर्त निकलवाने पैदल ही मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर ट्रेलर की टक्कर से बेकाबू डंपर परिवार पर चढ़ गया। हादसे में तिलाई निवासी मतरू (48), उसकी बहन खाम गांव निवासी तदमी (50) और मशरू की भतीजी सोवनी (20) की मौत हो गई। मशरू की पत्नी खेतू भी साथ थी, लेकिन वह बच गई। ये सभी हदमी के रिश्तेदार की शादी के लिए पैदल ही मुहूर्त निकलवाने मंदिर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि हाईवे पर चलते ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया था। पत्थरों से भरा ट्रेलर आगे चल रहे डंपर से टकरा गया। ऐसे में डंपर बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इस दौरान सड़क किनारे चल रहे भाई - बहन और उनकी भतीजी को कुचल दिया। इधर, हादसे में ट्रेलर चालक होशियारपुर पंजाब निवासी बलविंदर कुमार की भी मौत हो गई। हादसे में डंपर के ड्राइवर को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है।
Updated on:
18 Jun 2024, 9:44 AM IST
Published on:
18 Jun 2024, 9:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.