उदयपुर

टूरिस्ट के साथ फेस्टिव सीजन रहेगा गुलजार, लेकसिटी पर्यटकों की आवभगत के लिए तैयार

उदयपुर में इस साल अब तक आए रेकॉर्ड पर्यटक, अब इस सीजन से पर्यटन व्यवसायियों की उम्मीदें दोगुनी, होटलों में होने लगीं एडवांस बुकिंग्स, परिणीति-राघव की वेडिंग से और मिलेगी हाइप

2 min read
Sep 16, 2023

दुनिया के खूबसूरत शहरों में शुमार हो चुकी लेकसिटी इस बार पर्यटन सीजन में रेकॉर्ड पर्यटकों के साथ आबाद रहने वाली है। वीकेण्ड्स के साथ ही आने वाले फेस्टिव सीजन को लेकर भी पर्यटकों ने झीलों की नगरी में घूमने की एडवांस तैयारी कर ली है। शहर की तमाम सितारा होटलों से लेकर छोटी-बड़ी होटलों में बुकिंग शुरू हो गई है। वहीं, उदयपुर में होने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और आप पार्टी के नेता राघव चड्ढा की रॉयल वेडिंग से भी लेकसिटी का पर्यटन और ऊंचाइयां छूने वाला है।

अच्छे सीजन की उम्मीद में होटल इंडस्ट्री, एयर व ट्रेन कनेिक्विटी बढ़ने का मिलेगा फायदा

झीलें लबालब होने से हर कोई उदयपुर आना चाहता है। अच्छे सीजन की उम्मीद में होटल इंडस्ट्री और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लाेगों में उत्साह नजर आ रहा है। होटल व्यवसायियों के अनुसार अभी एयर व ट्रेन कनेक्टिविटी बढ़ी है। उदयपुर से सूरत, राजकोट के लिए फ्लाइट्स शुरू हुई हैं और अहमदाबाद की पहले से है। वहीं, कुल 5 ट्रेनें शुरू हुई हैं, जिनका असारवा, अहमदाबाद तक कनेक्शन जुड़ा है। ऐसे में गुजरात से मजबूत कनेक्टिविटी हो गई है। वहीं, इसी माह होने जा रही परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की शादी से उदयपुर अभी से ही चर्चा में आ चुका है। इस शादी के लिए अमरीका से प्रियंका चोपड़ा व पति निक जोनस और उनका पूरा परिवार भी यहां आने वाला है। ऐसे में उदयपुर के पर्यटन को और हाइप मिलेगी। आने वाले वेडिंग सीजन में यहां डेस्टिनेशन वेडिंग और बढ़ेंगी, जिससे होटल इंडस्ट्री को फायदा होगा।

इस साल हर माह लाखों की संख्या में आए पर्यटक

उदयपुर की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर ही ज्यादा निर्भर है। यहां मुख्य सीजन अक्टूबर या नवरात्र के बाद शुरू हो जाता है, जो फरवरी-मार्च तक रहता है। इन चार-पांच महीनों में होटल, रेस्टोरेंट्स, गाइड्स व पर्यटन से जुड़े अन्य लोग पूरे साल का व्यापार इन्हीं दिनों में कर लेते हैं। नवरात्र से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता और दक्षिण भारत के कई शहरों से पर्यटक आने लगते हैं। फिर दीपावली पर गुजराती पर्यटकों से शहर गुलजार रहता है। वहीं, इस पूरे साल अब तक हर माह लाखों की संख्या में पर्यटक आए हैं, जो 12-13 सालों में सर्वाधिक है। ऐसे में इस सीजन में रेकॉर्ड पर्यटकों के आने की संभावना जताई जा रही है ।

लेकसिटी में इस साल अब तक आए रेकॉर्ड पर्यटक -

माह - देसी - विदेशी

अगस्त - 160567 - 9267

जुलाई - 130500-5461

जून - 120450 - 2295

मई - 127000 - 6476

अप्रेल - 116900 - 6754

मार्च - 138000 - 14026

फरवरी - 140400- 15378

जनवरी - 180000 - 14215

इनका कहना है..

उदयपुर की सभी झीलें लबालब है। पिछले कुछ समय से पर्यटक काफी अधिक संख्या में उदयपुर घूमने के लिए आ रहे हैं, आने वाले समय में नवरात्रि दीपावली इत्यादि त्योहार आने वाले हैं। हमें पूर्ण आशा है कि इस वर्ष भी नवरात्रि से लेकर दिवाली पर्यटन सीजन बहुत अच्छा रहेगा।

- महावीर दोषी, होटल व्यवसायी

झीलों की नगरी में इस बार अक्टूबर से दिसंबर तक पर्यटन व्यवसाय बहुत ही अच्छा होने के आसार हैं। नवरात्र, दीपावली इत्यादि को देखते हुए पर्यटकों की काफी संख्या रहने का अनुमान है। इसके लिए टूरिज्म इंडस्ट्रीज पूरी रूप से तैयार है।

- डॉ पृथ्वीराज चौहान, होटल उद्यमी

- आने वाले फेस्टिव सीजन को देखते हुए होटल इंडस्ट्री तैयार है। मौसम भी अच्छा हो रखा है, झीलें लबालब हैं। वहीं, ट्रेन और फ्लाइट्स की कनेक्टिविटी भी अच्छी है तो टूरिस्ट्स के लिए ओवरऑल हैप्पी एटमॉस्फीयर है। जो रॉयल वेडिंग हो रही है उसकी चर्चा देश-दुनिया में है। इससे भी काफी फायदा मिलेगा।

- धीरज दोशी, अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन उदयपुर

Updated on:
16 Sept 2023 11:14 pm
Published on:
16 Sept 2023 11:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर