
ट्रक ने बाइक को चपेट में लिया, एक छात्र की मौत, दो साथी घायल
कृषि विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती द्वार के बाहर शनिवार को दोपहर में एक अनियंत्रित ट्रक ने डिवाइडर पार कर सामने से आते बाइक सवार तीन छात्रों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी और ट्रक चालक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार बड़ी निवासी लक्षित (21) पुत्र खेमराज चौबीसा, वरणी भीण्डर हाल सुखाड़िया सर्कल निवासी केतन (25) पुत्र विजय शंकर मेनारिया और ताल कटारा निवासी हेमंत (23) पुत्र पुष्कर शर्मा शनिवार को गीतांजलि इंस्टीटयूट में परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में गलत दिशा से आए अनियंत्रित ट्रक ने डिवाइडर पार करते हुए बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रक के नीचे आने से बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान लक्षित की मौत हो गई। जबकि केतन मेनारिया की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल हेमंत शर्मा भी उपचाराधीन है। परिजनों ने बताया कि लक्षित परिवार में इकलौता चिराग था। वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। उसके एक बहन है। लक्षित की मौत की सूचना पर परिवारजनों और समाजजनों की अस्पताल व मुर्दाघर के बाहर भीड़ जमा हो गई। परिवार में गम का माहौल बन गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
------
दर्शन करने गए व्यक्ति से चैन व अंगूठी ले गए
भूपालपुरा थाना क्षेत्र में एक प्रौढ व्यक्ति ने कार सवार लोगों के खिलाफ अपने आप को नागा साधु बताकर उसे झांसे में लेकर चैन व अंगूठी लेकर जाने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार गोपाल मेहता निवासी न्यू शक्ति नगर ने मामला दर्ज करवाया कि वह शास्त्री सर्कल स्थित गुरूद्वारा दर्शन करने के लिए जाता है। हमेशा की तरह वह दर्शन करने के लिए गया और सामने स्थित पंप से पेट्रोल भरवाकर गुरूद्वारा के बाहर खड़ा था। इस दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी। कार में सवार लोगों ने उसे अपने पास बुलाया और पूछा कि यहां हनुमान टेकरी कहां है, तो उसने मना दिया कि यहां कोई हनुमान टेकरी नहीं है। इस पर इन लोगों ने कहा कि हम नागा साधु है और यहां पर आस-पास श्मशान कहां है तो उसने श्मशान का पता बता दिया। इन लोगों ने कहा कि उन्होंने कई लोगों को अच्छे पद पर पहँुचाया है और उसका भी जीवन ठीक कर देंगे। आरोपियों ने उसके हाथ से घड़ी उतरवाई और हाथ में 10 रूपए और एक रूद्राक्ष रखा। बाद में पुन: घड़ी पहनवाई। दूसरे हाथ से अंगूठी उतरवाई, जिसे पुन: पहना दी, बाद में गले में से चैन उतरवाई और अपने पास रख ली। बातों ही बातों में आरोपियों ने कार को आगे बढ़ा दिया, उसने पीछा किया तो वह आरोपियों का सिटी स्टेशन तक ही पीछा कर पाया और इसके बाद ये फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
------------
होटल पर अंग्रेजी शराब बेचते संचालक गिरफ्तार
हिरणमगरी पुलिस ने एक होटल पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त करते संचालक को गिरफ्तार किया। एसआई मिश्रीलाल ने जगत फला स्थित महाराजा रेस्टोरेंट पर दबिश दी। होटल में अवैध रूप से रखी 41 बोतल अंग्रेजी शराब, 54 और 95 बोतल बीयर जब्त कर रेस्टोरेंट संचालक जितेंद्र सिंह गहलोत को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
Published on:
19 Mar 2023 09:11 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
