11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उदयपुर : तीन दिन में तीसरी बार पैंथर का हमला, दिनदहाड़े महिला पर झपटा

उदयपुर के आसपास पैंथर का आतंक बढ़ता जा रहा है, तीन दिन में तीसरी बार हमले की घटना सामने आई। भूताला क्षेत्र में दिनदहाड़े खेत में काम कर रही महिला पर पैंथर ने हमला कर घायल कर दिया, वन विभाग ने पिंजरा लगाया है।
2 min read
Google source verification
पैंथर का हमला

demo photo

उदयपुर. शहर के आसपास पैंथर का मूवमेंट लोगों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। तीन दिन में पैंथर के हमले की तीसरी घटना सामने आई है। शनिवार को भूताला के खेबर का भीलवाड़ा में दिनदहाड़े खेत में काम करने गई 30 वर्षीय महिला पर पैंथर ने हमला कर दिया। महिला के सिर और हाथ पर पंजे लगने से चोटें आईं। उसे उपचार के लिए एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

तीस वर्षीय हसली पत्नी मोहनलाल गमेती एक अन्य महिला के साथ खेत में काम करने गई थी। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच पहाड़ी के नीचे दोनों को पैंथर दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाकर उसे भगाने का प्रयास किया, लेकिन पैंथर नहीं भागा और हसली पर हमला कर दिया। साथ मौजूद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए पैंथर पर पत्थर फेंके और लगातार शोर मचाया। इसके बाद पैंथर पहाड़ी की ओर चला गया।

वन विभाग ने लगाया पिंजरा

हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई, वह लोसिंग तालाब के ऊपर सड़क के पास स्थित खड़ीपहाड़ी और खेतों का क्षेत्र होकर पैंथर जोन है। हमले की सूचना मिलने पर एसीएफ सहित रेंजर तेजसिंह राणावत, वनरक्षक लालसिंह चौहान, शक्तिसिंह और टमू चंदाणा ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का जायजा लिया। अंबेरी नाका से नाका प्रभारी पंकज खटीक, वनरक्षक तथा उदयनिवास से प्रवीण गणवा भी मौके पर पहुंचे वही सहायक वनपाल मीनाक्षी कल्यााण ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला से जानकारी ली। इधर, वन विभाग ने पैंथर को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजरा लगाया है।

दो दिन पहले घर में घुसे दो पैंथर

इससे पहले भीलों का बेदला क्षेत्र में पैंथर की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ाई थी। दो दिन पहले पेसिफिक कॉलेज के पास मोहन गमेती के घर में दो पैंथर घुस गए थे। दोनों पैंथरों ने घर में मौजूद कुत्ते का शिकार किया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। परिजनों के अनुसार यह पहली बार नहीं था जब पैंथर घर तक पहुंचे। कुछ माह पहले भी पैंथर इसी घर से पांच बकरियों का शिकार कर ले गए थे। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

बड़ी में हमला करने वाला पैंथर पकड़ से दूर

पैंथर के हमले की एक अन्य घटना गुरुवार सुबह बड़ी गांव के उपली बड़ी क्षेत्र में हुई थी। यहां निवासी खुमानी बाई सुबह करीब पांच बजे घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान पहले से मौजूद पैंथर ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद वन विभाग ने पैंथर को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे लगाए, लेकिन अब तक पैंथर पकड़ में नहीं आया है। इसी क्षेत्र में मार्च माह में पैंथर के हमले में एक किसान की मौत हो गई थी।