18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मेले में झूला झूलते लोगों पर मधुमक्खियों का हमला, चलते झूले से कूदे कई लोग, कई घायल 3 बच्चे गंभीर

Bees Attack : शिवरात्रि मेले झूला झूलते लोगों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में कई श्रद्धालु घायल हुए। इनमें 3 बच्चों को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया है।

2 min read
Google source verification
Bees Attack

मेले में झूला झूलते लोगों पर मधुमक्खियों का हमला (Photo Source- Viral Video Screenshot)

Bees Attack :मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे शिवरात्रि मेले में उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां एक गोल घूमने वाले बड़े झूले पर चलते समय अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन बच्चों को गंभीर हालत में नागदा के सरकारी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, मधुमक्खियों के झुंड ने उस समय लोगों पर हमला किया, जब झूला अपनी पूरी रफ्तार से चल रहा था। मधुमक्खियों के झुंड द्वारा झूले में बैठे लोगों को काटते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई, जिससे मेले में शामिल अन्य़ लोगों में भी दहशत फैल गई। कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर हवा में ही झूले से नीचे उतरने लगे। वहीं, कुछ देर के लिए मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

हादसे में कई घायल, 3 बच्चे ICU में भर्ती

मधुमक्खियों द्वारा काटे जाने के साथ-साथ चलते झूले से उतरने और मेले में भगदड़ के कारण कई लोग चोटिल हुए हैं। लेकिन इनमें मधुमक्खियों के हमले से तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी पहचान 13 वर्षीय उमेश, 13 वर्षीय नैतिक और 15 वर्षीय शिवनारायण के रूप में हुई है। तीनों नागदा के समीप स्थित बनबाना गांव के रहने वाले हैं और एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। परिजन के अनुसार, एक बच्चे की आंख पर मधुमक्खियों के डंक का अधिक असर पड़ा है, जिसके चलते डॉक्टरों की निगरानी में विशेष उपचार किया जा रहा है।

झूला बंद करने से ऊपर ही फंस गए अधिकतर लोग

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, मधुमक्खियों द्वारा अटैक करते ही झूला संचालक ने झूले को रोक दिया। हालांकि, झूला रुकने के बाद भी लोग ऊंचाई पर फंसे रहे और मधुमक्खियों का हमला झेलते रहे, जिससे उन्हें नीचे उतारने में काफी दिक्कत हुई। कई लोगों के शरीर पर दर्जनों डंक के निशान मिले हैं।

घटना से मची अफरा-तफरी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मधुमक्खियां मंदिर परिसर या आसपास के किस स्थान से आईं। घटना के बाद मेले में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। वहीं, घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय प्रशासन और मेला समिति सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने पहुंचा।

प्रशासन की अपील

डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें। हालांकि, इस घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।