केंद्र सरकार की सोशल सिक्युरिटी स्कीम के तहत दिव्यांग व्यक्ति व उनके परिजनों के मेडिक्लेम की योजना है। इसमे बीमित दिव्यांग व परिजन दो लाख रुपए तक मुफ्त इलाज करा सकते हैं। योजना अंतर्गत मेडिक्लेम की प्रीमियम राशि का 90 फीसदी सरकार व 10 फीसदी बीमित व्यक्ति को देना होता है। जनजागृति की कमी, राशि का अभाव और योजना की जानकारी नहीं होने के कारण कई दिव्यांग इस योजना से दूर है। हाल में जिला अंतर्गत बडऩगर अनुविभाग के एसडीएम अवि प्रसाद ने हितग्राही द्वारा जमा की जाने वाली 10 फीसदी राशि की व्यवस्था भी जनभागीदारी से करने की नई पहल की है। इसके बाद बडऩगर तहसील के सभी करीब 1100 दिव्यांगों का फ्री मेडिक्लेम हो सकेगा। दिव्यांग या परिजन को योजना के लिए कोई राशि खर्च नहीं करना पड़ेगी। बडऩगर तहसील के बाद अब इस पहल को पूरे जिले में अपनाया जाएगा। इससे एक कदम आगे, कलेक्टर संकेत भोंडवे ने विवाह करने वाले दिव्यांग जोड़ों को जनभागीदारी से उपहार स्वरूप फ्री मेडिक्लेम देने का निर्णय लिया है।