4 घंटे 4 मिनट का आंशिक ग्रहण कल, उज्जैन में एक घंटा दिखेगा, दोपहर 2.28.03 बजे शुरू होगा, जो शाम 6.32.01 तक रहेगा
उज्जैन. 25 अक्टूबर बुधवार को आंशिक सूर्यग्रहण होगा, जो दोपहर 2.28.03 बजे शुरू होगा और मोक्ष समय शाम 6.32.01 पर होगा। कुलमिलाकर आंशिक सूर्यग्रहण 4 घंटे 4 मिनट तक रहेगा, जिसका मध्य समय 4.30.1 बजे रहेगा। उज्जैन में अपराह्न 4.41.01 बजे से एक घंटे तक ही ग्रहण दिखाई देगा। हमारे यहां शाम 5.53 बजे ग्रहण में ही सूर्यास्त होगा।
शासकीय जीवाजी वेधशाला से चेतावनी जारी की गई है कि नंगी आंखों या पोलराइड या धूप के चश्मे से ग्रहण देखने पर आंखें खराब हो सकती है, जबकि अच्छी खबर यह है कि ग्रहण देखने के लिए वेधशाला में सोलर फिल्टर युक्त चश्मे से सूर्य ग्रहण देखने की व्यवस्था की गई है।
इस सूर्य ग्रहण को आंशिक इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि ग्रहण के मध्य की स्थिति अपराह्न 4.30.1 बजे सूर्य का 63.2 प्रतिशत भाग ढंकेगा। बता दें कि पूर्ण सूर्य ग्रहण में डायमंड रिंग जैसी स्थिति बनती है, जिसमें सूर्य पूरी तरह ढंक जाता है और सूर्य की रोशनी की बॉर्डर के साथ एक स्थान पर हीरे जैसी चमक रहती है, इसलिए इसे डायमंड रिंग आकृति कहा जाता है।
वेधशाला से जारी सूचना में बताया गया कि ग्रहण यूरोप, मध्य पूर्व, उत्तरी अफ्रीका, पश्चिम एशिया, उत्तरी अटलांटिक महासागर, उत्तरी हिंद महासागर, भारत में दिखेगा। भारत में यह ग्रहण अंडमान निकोबार द्वीप समूह तथा उत्तरी पूर्वी भारत को छोड़कर संपूर्ण भारत में दिखेगा।
अपराह्न 4.41.01 बजे शुरू होगा असर
उज्जैन में ग्रहण का प्रारंभ अपराह्न 4.41.01 पर शुरू होगा, जिसकी मध्य स्थिति शाम 5.38 पर होगी। ग्रहण की स्थिति में ही उज्जैन में शाम 5.53 पर सूर्यास्त हो जाएगा। उज्जैन में मध्य की स्थिति में सूर्य का 32.6 प्रतिशत भाग ढंका हुआ दिखाई देगा। इस प्रकार उज्जैन में हम लगभग 1 घंटे ही ग्रहण को देख सकेंगे।