
The dormitory of the district will be like the house courtyard
उमरिया. प्रदेश के नर्मदा घाटी विकास, सामान्य प्रशासन, विमानन, आनंद, जन जातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री लाल सिंह आर्य ने स्थानीय कलेक्ट्रेट सभागार में आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों, छात्रावास, आश्रम एवं नगर पालिका के कार्यो की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा है कि तीन साल से अधिक पदस्थ छात्रावास अधीक्षकों को हटाएं और स्थानीय शिक्षकों को अधीक्षक का प्रभार दें, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सके। पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में एक भी छात्र बाहर का नही रहें, इसका कडाई से पालन करना सुनिश्चित करे। उन्होने कहा कि एक जुलाई से छात्रावासों में प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। जहां छात्रावासी छात्रों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा रोली चंदन एवं पुष्पहार से सम्मानित करे। उन्होने बताया कि समस्त छात्रावासों की रंगाई पुताई कर आकर्षक बनाया जाए और छात्रों को इस वर्ष उनके ड्रेस चेंज किये जा रहे है। प्रत्येक छात्रावासों में सीसीटीव्ही कैमरा लगाए, ताकि वहां की गतिविधियों का किसी भी समय अवलोकन किया जा सके। उन्होने कहा कि शासन द्वारा दिये गये बजट आवंटन का शत-प्रतिशत उपयोग करें, ताकि छात्रों एवं हितग्राहियों को लाभ मिल सके और उनके जीवन में बदलाव परिलक्षित हो। उन्होने कहा कि छात्रावास में रहने वाले छात्रों को उंचाईयो तक पहुंचाने में अधिकारी महती भूमिका अदा करें और छात्रावास को घर आंगन की तरह संवारने मे कोई कोर कसर नही छोड़े। लाल सिंह आर्य ने कलेक्टर से कहा है कि जिले के समस्त 66 छात्रावासों का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण एक ही दिन करने की कार्य योजना तैयार करें और छात्रों से अपनत्वता का भाव रखते हुए अधिकारी उन्हें पढने की ललक जागृत करते हुए प्रोत्साहित करेंगे। प्रत्येक छात्रावास की दीवारों में उच्च शिक्षा को प्रदर्शित होर्डिग लगाए और महापुरूषों के आदर्शो को बताते हुए उन्हें आगें बढने के लिए कान्फीडेंस पैदा करें। समस्त छात्रावासों में शुद्ध पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करने के साथ छात्रों को माह में एक बार जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों, धरोहरों का अवलोकन कराते हुए उनके जीवन में खुशियां बिखेरे। इस अवसर पर कलेक्टर माल सिंह ने मंत्री को अवगत कराया कि जिले के सभी छात्रावासों में बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है और जिला अधिकारी सतत रूप से निरीक्षण भी कर रहे है। उन्होंने बताया कि एकलव्य विद्यालय से जेईई में दो छात्र तथा प्रदेश की बोर्ड परीक्षा में चार छात्रों ने टापटेन की सूची में स्थान बनाकर जिले को गौरान्वित किया है। इसी तरह होनहार गरीब , कमजोर, छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था कराई जा रही है। इस पर अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री लाल सिंह आर्य ने कलेक्टर की इस पहल की सराहना की। बैठक में बांधवगढ़ विधायक, कलेक्टर माल सिंह, उपायुक्त आदिम जाति शहडोल संभाग जगदीश सरवटे, सहायक आयुक्त आजाक आनंद राय सिन्हां, कार्यपालन यंत्री पीआईयू, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उप संचालक कृषि, महाप्रबंधक उद्योग, मुख्य नगर पालिका अधिकारी उमरिया, डीपीसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
30 May 2018 05:26 pm

बड़ी खबरें
View Allउमरिया
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
