30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ऑस्ट्रेलियन ओपन : सेरेना और नडाल की विजयी शुरुआत

सेरेना विलियम्स और राफेल नडाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Shruti Mishra

•

Updated: 17 Jan 2017, 2:11 PM IST

Serena Williams

Serena Williams

मेलबोर्न।
विश्व की दूसरे नंबर की महिला टेनिस खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने इतिहास बनाने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाते हुए ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। दूसरी ओर पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद वापसी का प्रयास कर रहे राफेल नडाल ने भी एकल में अपना पहला मुकाबला आसानी से जीत लिया।


पहले दौर के मुकाबले में सेरेना ने अपने करियर के 23वें स्लैम और इस युग में मार्गेट कोर्ट के रिकॉर्ड की बराबरी की तरफ सफलता के साथ कदम बढ़ाया। सेरेना ने चुनौतीपूर्ण माने जा रहे पहले दौर में स्विट्जरलैंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी बेलिंडा बेनसिस को लगातार सेटों में 6-4 6-3 से हराकर बाहर कर दिया। 35 साल की अमेरिकी खिलाड़ी ने रोड लेवर एरेना में कमाल का खेल दिखाया और 79 मिनट में मैच निपटा दिया।


टूर्नामेंट से पहले अपनी शादी के बजाय ऑस्ट्रेलियन ओपन को सबसे अहम बताने वाली इस दूसरी सीड खिलाड़ी ने अपने मंगेतर एलेक्सिस ओहानियन के सामने पूर्व नंबर सात खिलाड़ी बेनसिस को बुरी तरह हराया। स्विस खिलाड़ी ने 2015 में टोरंटो में सेरेना को हराया था।


गर्मी और उमस के बीच हो रहे मुकाबले में बेनसिस शुरूआत में ही 1-3 से पिछड़ गई लेकिन फिर 4-4 पर उन्होंने बराबरी की। सेरेना ने मैच में कमाल के बैकहैंड, क्रासकोर्ट शॉट्स लगाए जिसके सामने 19 वर्षीय खिलाड़ी कुछ नहीं कर सकीं। सेरेना के सामने अब दूसरे दौर में चेक गणराज्य की लूसी सफारोवा होंगी।





उधर पुरुष एकल के पहले दौर के मुकाबले में नौवीं सीड नडाल ने जर्मनी के फ्लोरियन मेयर को लगातार सेटों में 6-3 6-4 6-4 से हराया। टूर्नामेंट से पहले अपने 100 फीसदी फिट नहीं होने का संकेत देने वाले इस स्पेनिश खिलाड़ी ने दो घंटे से भी कम समय में जीत दर्ज कर ली। गत वर्ष दूसरे ही राउंड में बाहर हो गए 30 वर्षीय इस खिलाड़ी ने 39वें विनर के साथ मैच अपने नाम किया। उन्होंने 25 बेहतरीन फोरहैंड भी लगाए और जीत के बाद एरेना में बैठे अपने प्रशंसकों का हाथ उठाकर अभिवादन किया। वर्ष 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीत चुके नडाल के सामने दूसरे दौर में साइप्रस के मार्कोस बग्दातिस होंगे।


नडाल लंबे अर्से से कलाई की चोट से जूझ रहे हैं और इस कारण से गत वर्ष उन्हें फ्रेंच ओपन से बीच में ही हटना पड़ा था। विंबलडन में वह हिस्सा नहीं ले सके थे। पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और 14 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नडाल ने वर्ष 2004 के बाद से किसी भी ग्रैंड स्लैम के क्वॉर्टर फाइनल में जगह नहीं बनाई है।