
phd
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय की ओर से शोध पात्रता परीक्षा (रेट-2016) के आवेदन 10 अगस्त तक भरे जाएंगे। विवि से शोध करने वाले विद्यार्थियों के पास अंतिम 4 दिन का समय शेष रहेगा। विवि की रेट परीक्षा-2016 तीस अगस्त को होगी।
इससे पूर्व 27 अगस्त से अभ्यर्थी अपने प्रवेश-पत्र विश्वविद्यालय वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। इसके तहत इस वर्ष पीएचडी के लिए 29 विषयों में 616 स्थान उपलब्ध होंगे। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र ई-मित्र के माध्यम से प्रस्तुत किए जाएंगे।
विवि के शोध अध्यादेश 124 के तहत सामान्य व पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए स्नातकोत्तर में 55 प्रतिशत व अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 50 प्रतिशत अंक प्राप्त अभ्यर्थी रेट-2016 के लिए आवेदन कर सकेंगे। नेट, स्लेट, सेट, एम.फिल (यूजीसी रेग्युलेशन 2009 के तहत) उत्तीर्ण अभ्यर्थी एवं स्थायी महाविद्यालय शिक्षक पात्रता परीक्षा से मुक्त होंगे।
हालांकि नियमानुसार उन्हे आवेदन करना अनिवार्य होगा। परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपए होगा। विवि के शोध निदेशक डॉ. एन.के.उपाध्याय ने बताया कि आवेदन विवि कर वेबसाइट से किए जा सकेंगे। विवि ने परीक्षा सम्बंधी सभी जानकारी विवि की वेबसाइट पर जारी कर दी है।
Published on:
7 Aug 2016, 9:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.