2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर’ सेवा से घर बैठे किसी भी खाते में भेजिये पैसा

भेजने वाले के पास बैंक खाता न हो तो मोबाइल नंबर देकर भी भेज सकते हैं रकम डाकिया घर आकर आपसे लेगा पैसे, ओटीपी बताते ही चुटकी में खाते में जाएगा पैसा सिर्फ 10 रुपये देना होगा शुल्क, एक महीने में भेज सकते हैं अधिकतम एक लाख रुपये

2 min read
Google source verification
India Post Payment Bank

इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

वाराणसी. कोरोना वैश्विक महामारी के बीच डाक विभाग ने नागरिकों के लिए एक और अनूठी शुरुआत की है। अब आप घर बैठे किसी के भी बैंक खाते में रकम जमा करा सकते हैं। इसके लिये आपके पास बैंक अकाउंट रहना भी जरूरी नहीं, सिर्फ मोबाइल नंबर होने से भी काम चल जाएगा। डाकिया खुद आपके घर पहुंचेगा और आपसे कैश लेकर मोबाइल के जरिये आपके खाते में पैसा क्रेडिट कर देगा। डाकिया के अतिरिक्त डाकघरों के काउंटर पर जाकर भी कैश जमा कराया जा सकता है।


पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया है कि, डाक विभाग द्वारा इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के जरिये आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम द्वारा घर बैठे किसी भी बैंक खाते से नकद निकालने की सुविधा पहले से ही दी जा रही है। अब घर बैठे कैश जमा करने की सुविधा "डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर" भी डाक विभाग ने शुरू की है। इससे लोगों को बैंकों लाइन लगाए बिना किसी भी व्यक्ति के खाते में रकम जमा करवाना संभव हो पायेगा।

महिलाओं, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग जनों, दुकानदार, प्रवासी श्रमिकों इत्यादि को इससे काफी सहूलियत मिलेगी। गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों तक डाक विभाग के विस्तृत नेटवर्क के चलते यह सुविधा हमेशा लोगों के लिए फायदेमंद रहेगी। कोरोना वैश्विक महामारी के बीच घर बैठे अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों और शहरों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए नकद पैसा भेजना भी बहुत आसान व सुरक्षित हो जाएगा।


ऐसे काम करेगा

पीएमजी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि "डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर" सेवा के तहत ग्राहक को प्राप्तकर्ता के खाते का नंबर, आईएफएससी कोड व अपना मोबाइल नंबर बताकर कैश देना होगा। डाकिया अपने मोबाइल से तुंरत बताये गये खाते में रुपये ट्रांसफर करेगा। ग्राहक के मोबाइल पर एक ओटीपी आयेगा, जिसे डाकिया से शेयर करना होगा। ओटीपी डालते ही खाते में बैलेंस क्रेडिट हो जायेगा और ग्राहक के मोबाइल पर एक और कंफर्म मैसेज पहुंच जायेगा।


एक महीने में अधिकतम एक लाख जमा

'डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर' सेवा के तहत घर बैठे रुपये जमा करने पर कुछ शर्तें लागू हैं। जिसके तहत पैन कार्डधारक एक बार में 25,000, एक दिन में 49,999 और एक महीने में अधिकतम एक लाख रुपये किसी भी बैंक खाते में नकद जमा करा सकते हैं। बिना पैनकार्ड के कोई भी एक बार में 5,000 रू., एक दिन में 25,000 और एक महीने में अधिकतम 25,000 रुपये घर बैठे किसी भी बैंक खाते में नकद जमा करा सकता है। इस सेवा के तहत न्यूनतम 100 रुपया जमा कराया जा सकता है।

10 रुपये होगा शुल्क

डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर सेवा का लाभ लेने के लिये नाम मात्र का शुल्क रखा गया है, जो न्यूनतम 10 रुपये या जमा की गयी धनराशि का एक फीसदी जो भी अधिक हो वह लिया जायेगा।

Story Loader