अहमदाबात शहर के गीता मंदिर के निकट पुरानी दीवार को तोड़े जाने पर कांग्रेस की ओर से कई आरोप लगाए गए हैं। उधर महानगरपालिका के अधिकारी का कहना है कि यह दीवार काफी पुरानी होने के कारण जर्जरित हो गई थी। इससे दुर्घटना होने की आशंका थी। इसलिए इसे तोड़ा गया। महानगरपालिका में विपक्ष के नेता शहजाद खान पठान के अनुसार अहमदाबाद शहर को वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा प्राप्त है ऐसे में महानगरपालिका की ओर से हेरिटेज संपत्तियों का रखरखाव किया जाना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत आस्टोडिया क्षेत्र में गीता मंदिर के निकट लगभग 200 वर्ष पुरानी दीवार को रात के दौरान मनपा ने तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डर को लाभ देने के चलते यह दीवार तोड़ी गई है। उन्होंने इस दीवार को पुन: बनाने की मांग की है।दूसरी ओर मनपा मनपा उपायुक्त रेम्या भट्ट का कहना है कि यह दीवार टाउन प्लानिंग एरिया में होने के साथ-साथ काफी जर्जरित हो गई थी। उनके अनुसार दीवार हेरिटेज में नहीं है। जान माल का नुकसान न हो इस उद्देश्य से इसे हटाया गया है।