अहमदाबाद. शहर में पुलिस हिरासत में मौत का एक मामला सामने आया है। सोमवार की रात को कॉम्बिंग के दौरान गोमतीपुर इलाके से एक युवक को नशे की हालत में पकड़ा था। उसे गिरफ्तार कर मंगलवार सुबह मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस हिरासत में मौत का मामला होने के चलते मृतक के शव का चिकित्सकों के पैनल से वीडियो ग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया गया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की भी मदद ली जाएगी।इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) आर डी ओझा ने बताया कि सोमवार रात को कॉम्बिंग के दौरान नशे की हालत में मिलने पर दर्शन चौहान नाम के आरोपी को पकड़ा था। कुल 8 आरोपियों को पकड़ा था। इन सभी को मंगलवार सुबह पुलिस वाहन में मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल ले गए थे। ट्रोमा सेंटर के पास पुलिस वाहन से उतारते समय दर्शन चौहान की तबीयत बिगड़ी। जिससे उसे चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की कारणों का पता लगाने को डॉक्टरों के पैनल से पीएम कराया गया है। इस मामले में पुलिस हिरासत में मौत का मामला दर्ज किया है। हिरासत में मौत के मामले में अपनाए जाने वाली पूरी प्रक्रिया की जा रही है।मृतक के मित्र कल्पेश ठाकोर ने मीडिया को बताया कि दर्शन उनके घर आया था। यह इलाके के शराब के अड्डे पर शराब पीने गया था। वहां उसे पुलिस ने पकड़ लिया। सुबह उसकी मौत हो गई। हमारी मांग है कि मेरे मित्र दर्शन चौहान की मौत के मामले में न्याय मिले। कल्पेश ने आरोप लगाया कि गोमतीपुर पुलिस की मिलीभगत से ही इलाके में शराब की बिक्री हो रही है।