
अहमदाबाद. 31 दिसंबर आने वाला है। ऐसे में गुजरात में 31 दिसंबर की पार्टी के लिए होने वाली विदेशी शराब की डिमांड को देखते हुए बुटलेगरों ने अभी से स्टॉक करना शुरू कर दिया है। कुछ ऐसी ही कोशिश को गुजरात पुलिस की स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने विफल कर दिया है। टीम ने अहमदाबाद ग्रामीण के साणंद थाना इलाके में नए बायपास दरबार रोड नाका के पास से गुजर रहे एक टेंकर की तलाशी लेकर उससे 23.36 लाख रुपए कीमत की 3605 विदेशी शराब की बोतलें बरामद की हैं। टेंकर के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कुल 38.42 लाख का मुद्दामाल जब्त किया है।
पकड़ गए टेंकर चालक का नाम मांगीलाल बगुडा है। वह राजस्थान के सांचौर जिले के खारा का रहने वाला है। इस मामले में चार आरोपी वांछित हैं। पूछताछ में सामने आया कि यह शराब राजस्थान निवासी रमेश बिश्नोई ने भेजी थी। इसे पटिलाया पंजाब के पास से टेंकर में भरकर यह टेंकर कच्छ के गांधीधाम में एक व्यक्ति तक पहुंचानी थी। ऐसे में टीम ने टेंकर मालिक सहित चार लोगों विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।