
अहमदाबाद शहर के गोमतीपुर इलाके में शनिवार को महानगरपालिका (मनपा) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आवास व दुकानों समेत 162 इकाइयों को तोड़ दिया गया। शनिवार सुबह की गई इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। कार्रवाई में संभावित विघ्न को ध्यान में रखकर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया।मनपा के एस्टेट विभाग के अनुसार गोमतीपुर में सारंगपुर ब्रिज से रेलवे के प्लेटफार्म नंबर 12 को जोडऩे वाले रोड को चौड़ा करने के लिए पहले ही स्थानीय लोगों को नोटिस जारी कर दिए थे। इसके बाद शनिवार को पुलिस के सहयोग से चारतोड़ा कब्रिस्तान के निकट मनपा की ओर 45 आवास, 115 कॉमर्शियल इकाई, दो बड़े अन्य निर्माण और एक क्रॉस दीवार को तोड़ा गया। इस कार्रवाई के चलते 1250 मीटर लंबा रोड खुल गया। इसके अलावा 1840 वर्ग मीटर जमीन भी खाली करवाई गई। बताया गया है कि वर्तमान में 15.25 मीटर चौड़ा टीपी रोड है। इसे 30.50 मीटर चौड़ा किया जा रहा है।