Ahmedabad. गुजरात के छोटा उदेपुर जिले में रविवार से सोमवार के दौरान बीते 24 घंटे में हुई 22 इंच बारिश के चलते घरों में बरसात का पानी घुस गया। इसके चलते कई लोग अपने घरों में ही फंस गए। उनके घर के बाहर ही तेज बहाव से पानी बह रहा था, ऐसे में लोग चाहकर भी सुरक्षित जगह जा नहीं पा रहे थे। इस स्थिति में बोडेली थाने के पीएसआई ए एस सरवैया एवं उनके थाने के सह कर्मचारियों ने लोगों की मदद की। सरवैया ने तेज बहाव में फंसी महिला को अपने कंधों पर बिठाकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। उनकी ओर से किए गए इस कार्य का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। सोशल मीडिया पर लोगों ने सरवैया और गुजरात पुलिस के इस कार्य की जमकर वाहवाही की।