पीडि़त पक्ष से एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी
लक्ष्मणगढ़ (अलवर). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के मामले में आरोपियों के नाम निकालने की एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए लक्ष्मणगढ़ थाने के हैडकांस्टेबल व दलाल को मंगलवार शाम गिरफ्तार किया है। हैडकांस्टेबल व दलाल ने पीडि़त से एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। ब्यूरो की टीम आरोपियों के घर व कार्यालय आदि की तलाशी ले रही है। इस कार्रवाई से पुलिसकर्मियों से सहित अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
ब्यूरो के डीएसपी महेन्द्र कुमार ने बताया कि परिवादी हसन मोहम्मद निवासी दौलतपुरा एवं उसके परिजनों के खिलाफ लक्ष्मणगढ़ थाने में रहमुद्दीन निवासी दौलतपुरा ने मारपीट का मामला दर्ज कराया था। इसमें छह आरोपियों के नाम निकालने की एवज में हैडकांस्टेबल मुरारीलाल की ओर से अपने दलाल मंगल खान के माध्यम से रिश्वत मांगने की शिकायत 28 जून को की गई। टीम ने हैडकांस्टेबल की मौजूदगी में 28 व 29 जून को सत्यापन कराया। 29 जून को परिवादी हसन मोहम्मद से एक पेटी (एक लाख रुपए) रिश्वत की मांग की। इसी दौरान ब्यूरो ने इसका सत्यापन किया। रिश्वत की मांग को लेकर आरोपी हैडकांस्टेबल मुरारीलाल पुत्र अंगदराम मीणा निवासी रामपुरा रैणी की ओर से परिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत जालूकी रोड लक्ष्मणगढ़ में मंगलवार शाम करीब सवा चार बजे मनीष अरोड़ा की सीमेंट की दुकान पर ली। इसी दौरान एसीबी की टीम ने छापा मारकर हैडकांस्टेबल को ट्रैप कर लिया। रिश्वत की राशि हैडकांस्टेबल मुरारीलाल से बरामद कर ली गई। वहीं सत्यापन के दौरान एक लाख रुपए रिश्वत मांगने वाले दलाल मंगल खान निवासी जमालपुर को भी उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी महेन्द्र कुमार व टीम शामिल रही।