14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर

रास्ते के लिए खोदी खाई के पानी में डूबने से तीन भाई-बहन की मौत, परिवार में कोहराम…देखें यह वीडियो

तीनों भाई-बहन पशु चराने के लिए पहाड़ों के पास गए हुए थे। एएसपी जाप्ता सहित घटना स्थल पर पहुंचे

Google source verification

अलावडा. मांदला गांव में भूरू का बास के पीछे की तरफ चल रही लीज नंबर 14 के पहाड़ के दो तरफ से किए जा रहे खनन कार्य के लिए बनाए गए रास्ते को लेकर बगल में खोदी गई सूकड़ी और गहरी खाई में भरे पानी में डूबने से दो भाईयों के तीन बच्चों की मौत हो गई।

पुलिस व ग्रामीणों से मिली जानकारी में बताया कि तीनों भाई-बहन पशु चराने के लिए पहाड़ों के पास गए हुए थे। लीज के लिए बनाए रास्ते की खाई में भरे पानी में डूबने से उन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। जिनमें बाला के दो पोते व एक पोती जिनका नाम अहसान (8 ) उर्फ गोलू और इंगलिशा (10 ) पुत्री दीन मोहम्मद और चचेरे भाई महबूब का सात वर्षीय साफिर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यहां दोनों तरफ उजाला करने के लिए खाई के अंदर से बिजली की तार डाल रखे हैं, जिससे लोगों ने अनुमान जताया कि पानी में करंट से बच्चे डूब गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने शवों को निकाल कर उनके घर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर घटना स्थल पर एडिशनल एसपी तेज सिंह, डीएसपी ओम प्रकाश, थाना अधिकारी सवाईसिंह चौहान मय पुलिस जाप्ते और क्यू आरटी टीम के साथ पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों को शव रामगढ़ सीएचसी लाने के लिए कहा।इधर मृतकों के घर में कोहराम मच गया। समाचार लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम के लिए शवों को लेकर रामगढ़ नहीं गए थे।

माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल, मां कई बार हुई बेहोश

इस दिल दहला देने वाले घटनाक्रम के बाद से माता-पिता व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बच्चों की मौत की जानकारी मिलते ही मां बेसुध हो गई। लाडलों को खोने का गम मां बाप पर ही नहीं आसपास के लोगों और रिश्तेदारों के चेहरे पर देखा गया। चारों तरफ चीख और चीत्कार के बीच पूरे गांव में मातम छा गया।

पुलिस जांच कर रही है

रामगढ़ थाना अधिकारी सवाईसिंह चौहान ने बताया कि एडिशनल एसपी सहित मय पुलिस जाप्ते और क्यू आरटी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। वहां पर घटना के बारे में परिजनों से जानकारी ली। परिजनों से मृतक बच्चों के पोस्टमार्टम के लिए कहा। उन्होंने मौके पर पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया। जानकारी में बताया कि बच्चे पशु चराने के लिए गए हुए थे। वहां यह हादसा हो गया। पुलिस जांच कर रही है।