भारत के इतिहास में मंगलवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों से लिखा गया। भारतीय समय के अनुसार घड़ी में जैसे ही 3 बजकर 3 मिनट हुई… इतिहास लिख गया.. अंतरिक्ष में 18 दिन बिताने के बाद भारत के बेटे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की सुरक्षित ग्रह वापसी हुई। भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और एक्सिओम-4 मिशन के तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिनों के प्रवास के बाद करीब साढ़े 22 घंटे की यात्रा कर पृथ्वी पर लौट आए हैं। ड्रैगन अंतरिक्ष यान कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में उतरा। तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि किस तरह शुभांशु का ड्रैगन कैप्सूल कैलिफोर्निया के समुद्र में उतरा। ये भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए गर्व का क्षण है। शुभांशु शुक्ला 25 जून 2025 को फाल्कन 9 रॉकेट से लॉन्च हुए थे. 26 जून को ISS से जुड़े थे। 18 दिन के प्रवास के दौरान उन्होंने 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग किए, जिसमें मांसपेशियों की हानि, मानसिक स्वास्थ्य और अंतरिक्ष में फसल उगाने जैसे शोध शामिल थे।