मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर स्थित ब्रह्मबाद मोड़ के समीप भीषण सड़क हादसे में दों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड दिया, वहीं एक महिला ने दौसा जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड दिया। ऐसे में हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई। दो दर्जन के करीब महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। बालाजी थाना प्रभारी मुकेश गुर्जर ने बताया कि, हादसे में पिकअप में सवार उच्चेन निवासी गुड्डी देवी, शशि देवी जाटव व एक अन्य महिला की मौत हो गई। ये सभी श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर दौसा आ रहे थे।
हादसे की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी बजरंग सिंह शेखावत, पुलिस उपाधीक्षक दीपक मीना, प्रशिक्षु आरपीएस अधिकारी श्वेता पाठक, मानपुर थाना प्रभारी श्रीकिशन मीना, तहसीलदार दिनेश मीना सहित कई अधिकारी भी घायलों की कुशलक्षेम पूछने के लिए सिकराय अस्पताल में पहुंचे। एडिशनल एसपी ने बताया कि पिकअप में महिला और पुरुष सहित कुल 27 श्रद्धालु के सवार थे। जो भरतपुर के उच्चैन के समीप अपने गांव से दौसा के पास नारायण सागर मंदिर में सत्संग के लिए जा रहे थे। बालाजी मोड़ के समीप पिकअप का पिछला टायर फटने से ये हादसा हुआ है। जिसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला की दौसा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। साथ ही 24 लोग घायल हुए हैं।
धमाके के की आवाज के बाद मची चीख-पुकार
राहगीरों ने बताया कि राजमार्ग पर अचानक जोर से धमाका हुआ। पास जाकर देखा तो एक पिकअप पलटी हुई थी। वहीं पिकअप में सवार महिलाएं और पुरुष बचाने के लिए चिल्ला रहे थे। आस पास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। साथ ही बालाजी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी, वहीं एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। इस दौरान हादसे के करीब 15 मिनट के अंतराल में बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस के बाद एंबुलेंस चालक रामावतार गुर्जर भी कुछ देर में एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंच गए। गंभीर घायलों को एंबंलेंस से सिकराय अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं कुछ घायलों को हाइवे से गुजर रही पिकअप में लिटाकर अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क हादसे में घायल हुए 14 गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। जहां से एक घायल को जयपुर रैफर किया गया है।
हादसे में ये हुए घायल
सड़क हादसे में रणजीत जाटव निवासी उच्चैन, भगवान देवी निवासी सायपुर, पिंकी देवी (60) पत्नी मुकेश जाटव निवासी उच्चैन, पूरण देवी निवासी सायपुर, राजकुमारी निवासी सायपुर, सत्यवीर जाटव, विश्वप्रिय, गंगा देवी निवासी उच्चैन, शांति देवी निवासी कुंडेर, जगदीश जाटव निवासी उमरेड़, रमकांत उच्चैन, ओमवती, सहना, देवी, रामवती निवासी कुंडेर, सीमा देवी जाटव, कल्पना देवी निवासी उच्चैन, प्रेमवती निवासी नांगल बीजा, चित्रा देवी, सुशांत (2) पुत्र रणजीत जाटव निवासी उच्चैन, पंकज देवी, अनीता निवासी सहना, शारदा देवी और रामजीलाल जाटव हादसे में घायल हुए है। गुड्डी देवी ने दौसा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।