श्रावण मास के प्रथम दिन सूर्यनगरी के शिवालयों में भक्तों ने शिवाभिषेक कर समूचे मारवाड़ में सुखद वर्षा की कामना की
जोधपुर. श्रावण मास के प्रथम दिन सूर्यनगरी के शिवालयों में भक्तों ने शिवाभिषेक कर समूचे मारवाड़ में सुखद वर्षा की कामना की। शाम को शहर में बारिश होने से भक्तों के चेहरे खिल उठे। सुबह से उमस व गर्मी के बावजूद शिवभक्तों में उत्साह नजर आया। भोगिशैल पहाड़ियों में मौजूद प्राचीन शिवालयों में श्रद्धालुओं ने देर रात तक पंचामृत अभिषेक किए। मंदिरों में आकर्षक फूल मंडली सजाई गई। शहर के कटला बाजार क्षेत्र के प्राचीन शिवालय अचलनाथ में हुए अभिषेक के दौरान बड़ी संया में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं, जागनाथ, सुखेश्वर नाथ, पब्लिक पार्क स्थित शिव मंदिर सहित सभी शिव मंदिरों में आयोजन हुए।
डूंगरिया ट्रस्ट की तरफ से डुंगरिया महादेव मंदिर को महाकाल की तरह सजाया गया। अभिषेक के बाद महादेव का श्रृंगार महाकाल के रूप में किया गया। भारी भीड़ के चलते शृंगार से ऐसे लगने लगा जैसे जोधपुर में स्वयं महाकाल के राजा उज्जैन से पधारे हो। करीब 501 किलो पुष्पों से महादेव का श्रृंगार किया गया।
मारवाड़ में सुकाल की कामना
हेमलता राजे ने राईकाबाग स्थित जुगल जोड़ी बाबा रामदेव मंदिर में पूजा की। इस दौरान उन्होंने अखंड धूणी में आहुतियां देकर मारवाड़ में अच्छी बरसात व सुख-समृद्धि की कामना की। सैनाचार्य के प्रतिनिधि रघुवीरसिंह भदावत ने बताया कि सैनाचार्य स्वामी अचलानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन में 51 हजार आहुतियां दी।
भोलेनाथ के जयकारों से गूंजे शिवालय
डांगियावास . स्थानीय महादेव मंदिर में श्रावण मास के पहले सोमवार को बम भोले के जयकारों से शिवालय गूंज उठा। मंदिर के पुजारी कैलाशपुरी ने बताया की मंदिर में बड़ी संया में भक्त उमड़ पड़े। इस दौरान मंदिर की फूलों से सजावट की गयी। शिव भक्तों ने दूध, दही, शहद,बेलपत्र आदि से दुग्धाभिषेक और मंत्रोच्चार कर महादेव की पूजा की। महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं ने भगवान शिव की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बड़ी संया में श्रद्धालु मौजूद थे।