हनुमानगढ़/ सिरंगसर/ पल्लू। खुईंया थाना क्षेत्र के सिरंगसर गांव में उम्रदराज महिला व पुरूष ने गांव में बने सरकारी कुंड में कूदकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा है। घटना सोमवार दोपहर की है। ग्रामीणों की सूचना पर खुईंया थानाधिकारी सुरेश मील व हैड कांस्टेबल संजय शर्मा ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली एवं कुंड में डूबे शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकलवाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिरंगसर गांव के ही रामप्रताप (40) पुत्र रामजस मेघवाल व भागी देवी (42) पत्नी बिरबल राम मेघवाल दोनों ने सोमवार करीब तीन बजे गांव में बने सरकारी कुंड में छलांग लगा दी। उन्होंने पहले अपने मोबाइल, जूते, महिला के गले में शृंगार के सामान को कुंड के बाहर रख दिया तथा एक दूसरे से लिपटकर कुंड में कूद गए। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पुलिस ने पहुंचकर घटना स्थल का मौका मुआयना किया तथा गांव के तैराकों पवनकुमार व ओमप्रकाश सिहाग की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा थी। पुलिस ने दोनों शवों को नोहर अस्तपताल की मोर्चरी में रखवाया है। जिनका आज पोस्टमार्टम हुआ। ग्रामीणों के अनुसार मृतक प्रेम-प्रसंग के जाल में फंसे हुए थे। प्रेम प्रसंग में परिजनों की रूकावट के चलते एक दूसरे से लिपट कर जीवन लीला समाप्त कर ली।