जबलपुर. पत्रिका द्वारा चलाए जा रहे अमृतं जलमï् अभियान में भगीरथियों के श्रमदान से शैलपर्ण उद्यान के समीप ऐतिहासिक देवताल का पानी कंचन सा निखरने लगा है। सात दिन के प्रयासों से तालाब में चोई निकालने का कार्य 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और अब इसके सौंदर्यीकरण की बारी है, जिसके लिए जनप्रतिनिधियों ने हर सम्भव सहयोग देने की बात कही है।
पौधरोपण भी करेंगे
नगर निगम एमआइसी सदस्य कमलेश अग्रवाल ने कहा कि पत्रिका का अमृतं जलम अभियान सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। जल है तो कल है को साकार करते हुए पत्रिका द्वारा चलाए जा रहे अभियान से लोग प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि जबलपुर का बढ़ता हुआ तापमान सभी के लिए चिंता का विषय है। अब जल संरक्षण के साथ ही हम संकल्प लें कि अगले वर्ष तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहे। इसके लिए व्यक्तिगत तौर पर पौधरोपण करके हमें जिम्मेदारी लेनी होगी।
सुरक्षा के इंतजाम हों
पार्षद केवल कृष्ण आहूजा ने कहा कि पत्रिका ने शहर के तालाबों को संरक्षित करने के लिए जो प्रयास किए गए हैं उनकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है। तालाब स्वच्छ हो गया, परंतु इसमें प्रदूषण नहीं हो। लोग जागरूक रहें। इसके लिए नगर निगम को यहां पर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक इंतजाम करने चाहिए। तालाब के चारों ओर लाइट लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत चोई निकालने का काम पूरा हो गया है। अब तालाब के तट पर पहाड़ों में जो कचरा है उसे भी साफ कराया जाएगा। जिससे बारिश की स्थिति में तालाब में सिर्फ पानी ही आए।
सामूहिक प्रयास
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघचालक रामप्रसाद गुप्ता ने कहा कि गढ़ा क्षेत्र में सबसे ज्यादा तालाब हैं। इस कारण यहां का जलस्तर बेहतर है। पत्रिका की ओर से सभी को एकत्र करके देवताल का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। सामूहिक प्रयासों से ही यहां की तस्वीर बदलेगी। विश्व संवाद केन्द्र के मनोज कुशवाहा ने कहा कि इस अभियान के दूरगामी परिणाम बेहतर आएंगे। वॉक एंड क्लीन संस्था के मदन दुबे ने कहा कि पौधे लगाकर सभी को उसके सरंक्षण की जिम्मेदारी भी लेनी होगी।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में गढ़ा नागरिक मंच के अध्यक्ष रूपकिशोर प्यासी व स्नेह नगर विकास समिति के अध्यक्ष विनोद दुबे ने जलस्त्रोतों व पर्यावरण को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान कमला नेहरु व्यापारी संघ के अध्यक्ष धनंजय वाजपेयी, संघ के नर्मदा भाग के सहकार्यवाह विनय सोलंकी, प्रवेश खेड़ा, अशोक शर्मा, केके दुबे, अनिल रजक, शिवशंकर दुबे, श्याम कोठेकर, हरदीप सिंह, शारदा प्रसाद रजक, सिद्धार्थ फौजदार, तीरथ बैगा, सर्पमित्र गजेन्द्र दुबे, अरविंद दुबे, श्रेष्ठ ठाकुर, बबलू साहू, गंगाराम प्रजापति, आकाश खरे, अनुराग अग्रवाल, अनिल रजक, प्रकाश सोनी, सुरेन्द्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित जनों ने श्रमदान किया।