4 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर

सरकारी स्कूल के खेल मैदान में बना दिया जोहड़, कथित सरपंच प्रतिनिधि को कर दिया लाखों का भुगतान

कोटपूतली जिले की ग्राम पंचायत गोवर्धनपुरा का कारनामा

Google source verification

जयपुर

image

MOHIT SHARMA

Sep 10, 2024

कोटपूतली. कोटपूतली पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली एक पंचायत द्वारा राजकीय कोष का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। जिसमें अब सरपंच सहित सरपंच प्रतिनिधि व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है। ग्राम पंचायत गोवर्धनपुरा में सरपंच और विकास अधिकारी व ठेकेदार ने मिलीभगत कर राजकीय राशि का दुरुपयोग करते हुए कथित सरपंच प्रतिनिधि की ही फर्म को भुगतान कर दिया, जबकि कार्य जहां स्वीकृत था वहां हुआ ही नहीं। इसे नियमों को ताक पर रखकर दूसरी जगह कार्य किया गया। इस बात का खुलासा ग्रामीणों की ओर से की गई शिकायत के बाद विकास अधिकारी सौरभ गुर्जर की जांच में हुआ।

ये है मामला
ग्राम पंचायत गोवर्धनपुरा में बाउंड्री वॉल और थ्री फेस बोरिंग मय सोलर कार्य के लिए 21 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई। राजकीय प्राथमिक विद्यालय आसपुरा के खेल मैदान के विकास, पवेलियन आदि निर्माण के लिए 31 लाख की राशि स्वीकृत की गई। खेल मैदान की बाउंड्री वॉल और थ्री फेस बोरिंग में सोलर कार्य गोवर्धनपुरा की बजाय ग्राम आसपुरा में कर दिया गया जहां पूर्व से बाउंड्री वॉल, पानी की टंकी और बोरिंग बनी हुई थी। जिसका शिलान्यास 2022 में पूर्व विधायक व उच्च शिक्षा गृह राज्य मंत्री द्वारा हो चुका था।
इसी मैदान में पर्याप्त जगह नहीं होने के बावजूद पवेलियन निर्माण दिखा दिया गया जो बनने से पहले ही नष्ट हो गया। बिना प्रधानाध्यापक की स्वीकृति के इसी खेल मैदान में बीचों-बीच खोदकर जोहड़ भी बना दिया गया। जांच में 52.10 लाख की राशि स्वीकृत होने के बावजूद खेल मैदान का अस्तित्व नहीं बचा। जोहड़ किस प्रस्ताव में किस मद से बनाया गया इसका लेखा ग्राम पंचायत के पास उपलब्ध नहीं है।

हमसे नहीं ली अनुमति, शिकायत की है
हमने विद्यालय के खेल मैदान पर जोहड़ के नाम पर कोई अनुमति नहीं दी ना हमें बताया। बोरिंग में भी विद्यालय की अनुमति नहीं ली। छुट्टियों में इस काम को कर दिया गया, जबकि पूर्व से ही बोरिंग लगी हुई है। इसकी शिकायत हमने शिक्षा विभाग और पंचायत समिति में लिखित में की है। कालांतर से ही जोहड़ रहा है कहकर सरपंच ने खेल मैदान बर्बाद कर दिया। स्कूल की बाउंड्री के अंदर ही सार्वजनिक शौचालय भी बिना परमिशन के बनवा दिए।
राकेश कुमार, प्रधानाध्यापक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय आसपुरा

जोहड़ कार्य से संबंधित कोई कागज नहीं
मेरी अभी जुलाई में ही पोस्टिंग हुई है मेरे से पूर्व का मामला है। ग्राम पंचायत कार्यालय के पास जोहड़ कार्य से संबंधित किसी तरह की पत्रावली या कोई प्रस्ताव आदि के कागज नहीं है।
अजय कुमार शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी गोवर्धनपुरा

मैदान में नहीं बन सकता जोहड़
प्रधानाचार्य ने सीबीओ कार्यालय पर शिकायत दी होगी, मेरे संज्ञान में मामला नहीं आया था। अब इसको दिखवा कर जांच करवाते हैं क्या है मामला? खेल ग्राउंड में जोहड़ नहीं बनाया जा सकता।
राम सिंह यादव, जिला शिक्षा अधिकारी कोटपूतली-बहरोड